एसआईआर विवाद पर सीएम रेखा गुप्ता बोलीं-राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं पर चलना चाहिए देशद्रोह का केस
नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग शानदार काम कर रहा है और निष्पक्ष तरीके से देश तथा जनता के हित में काम कर रहा है। राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं द्वारा की जा रही गतिविधियां देशद्रोह से कम नहीं हैं और ऐसे मामलों में देशद्रोह का केस चलना चाहिए।
नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मैं देख रही हूं कि विपक्ष देश में ऐसे हालात बनाने की कोशिश कर रहा है, जिनका कोई आधार नहीं है। इसके पीछे एकमात्र मकसद जनता को गुमराह करना और ऐसी परिस्थिति पैदा करना है, जिससे देश में हो रहे विकास कार्यों से लोगों का ध्यान भटक जाए। विपक्ष आज चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर सवाल उठा रहा है तथा उन पर बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। जिस पारदर्शिता के साथ चुनाव आयोग आज काम कर रहा है, क्या उनके शासनकाल में ऐसी पारदर्शिता संभव थी।
रेखा गुप्ता ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और वह पारदर्शिता तथा निष्पक्षता के साथ काम कर रहा है। चुनाव आयुक्तों की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि आयोग के फैसले सर्वसम्मति से लिए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फॉर्म-6 से जुड़े विषयों पर भी चुनाव आयोग स्थिति स्पष्ट कर चुका है। मतदाता सूची को अधिक सटीक और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रक्रियाओं को सरल किया गया है और इसमें किसी तरह की अनियमितता नहीं है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान मृत, डुप्लीकेट और अन्य अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया लंबे समय से चलती आ रही है। इसका उद्देश्य वास्तविक और पात्र मतदाताओं को बेहतर सुविधा देना है। चुनाव आयोग का उद्देश्य किसी का वोट हटाना नहीं बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष की ओर से लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों को समझना जरूरी है। मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया को वोट चोरी कहना सही नहीं है।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम
