Aapka Rajasthan

सिद्धार्थनगर: मंत्री अनिल राजभर ने गिनाईं मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां, बोले- निवेश, विकास और गरीबी उन्मूलन पर फोकस

सिद्धार्थनगर, 15 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने सोमवार को सिद्धार्थनगर स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और पिछले 12 वर्षों में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
 
सिद्धार्थनगर: मंत्री अनिल राजभर ने गिनाईं मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां, बोले- निवेश, विकास और गरीबी उन्मूलन पर फोकस

सिद्धार्थनगर, 15 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने सोमवार को सिद्धार्थनगर स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और पिछले 12 वर्षों में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

इस दौरान अनिल राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब हमने इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया तो 37 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव हमें मिले। 16 लाख करोड़ से अधिक प्रस्ताव को हमने जमीन पर उतारा है। इन्वेस्टमेंट में आ रही दिक्कतों के लिए मुख्यमंत्री ने एक कमेटी बनाई है और निवेश प्रस्ताव मिलने के बाद आ रही दिक्कतों का समाधान किया जा रहा है। यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर जिले में निवेश पहुंचे।

उन्होंने कहा कि दुनियाभर से मिले निवेश प्रस्ताव को लेकर मंत्रिमंडल का समूह विदेश जाने वाला है और निवेश को लेकर प्रोत्साहित करने वाला है। जल्द ही इसके परिणाम भी दिखने लगेंगे।

अनिल राजभर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में पीएम मोदी के नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण काम हुए हैं। सनातन का परचम आसमान की बुलंदियों पर पहुंचा है। विकसित भारत की परिकल्पना की मोदी सरकार ने 12 साल में बुनियाद रखी है। हम एक विकासशील देश हैं, लेकिन 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से निकालना इस बात का प्रमाण है कि गरीब कल्याण को लेकर सरकार समर्पित है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जनता का भरोसा जीता है और यही इस सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। कांग्रेस को 60 साल सरकार बनाने का मौका मिला था तो मोदी सरकार को गरीबों के लिए घर, शौचालय क्यों बनाने पड़ रहे हैं? उद्योग लगाने की बात आज क्यों हो रही है? पहले अगर ये काम हुआ होता तो हमें यह सब न करना पड़ता।

उन्होंने यह भी कहा कि हमारी विरासत, हमारी परंपरा को मोदी सरकार में बल मिला है। सनातन का परचम पूरी दुनिया में लहरा रहा है। सनातन परंपरा और आध्यात्मिक ताकत का एहसास दुनिया भर में हुआ है। भारत का दुनिया में मान बढ़ा है। यह सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है।

अनिल राजभर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और यूपी की योगी सरकार ने यह कभी नहीं कहा कि हमने सभी समस्याओं को खत्म कर दिया है। सरकार ने बहुत काम किए हैं और बहुत काम करने बाकी हैं। योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए जनता को जोड़ना ही हमारी प्राथमिकता है। 12 साल के कार्यकाल को लेकर जनता के बीच जाने को लेकर पार्टी ने कार्यक्रम बनाया है, उसके पीछे मकसद भी यही है। कोई भी नारा सरकार का तब तक चरितार्थ नहीं हो सकता है, जब तक आम जनता भागीदार न बने।

उन्होंने यह भी कहा कि जब जनता सजग रहती है तो योजनाओं को सही तरीके से चलाने में सरकार को मदद मिलती है। इसलिए हम तरह-तरह के कार्यक्रम चला रहे हैं। समाज के बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों से भी संपर्क करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। अभी हमें बहुत काम करना है, उस दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं।

किसानों की परेशानी पर उन्होंने कहा कि कुछ परेशानियां हैं, उन पर हमारी सरकार ने कई कदम उठाए हैं। फर्जी रजिस्ट्री पर रोक, फर्जी रजिस्ट्री को लेकर बहुत विवाद हो रहा है। पारिवारिक बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ रहा है, सरकार ने कई नवाचार किए हैं। दुनिया में बने माहौल के बीच हमारे सामने खाद को लेकर कुछ समस्या आ सकती है। ईंधन की आपूर्ति आयात से होती है, इसलिए थोड़ी समस्या हो सकती है। हमें सजग रहना चाहिए। कोरोना की तरह हमें इस चुनौती का सामना करना है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी