दूसरा टी20: सियर्स-फर्ग्यूसन के आगे साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों ने घुटने टेके, न्यूजीलैंड की 68 रनों से जीत
हैमिल्टन, 17 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड ने मंगलवार को सेडन पार्क में खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 68 रनों से हराया। न्यूजीलैंड से मिले 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की पूरी टीम सिर्फ 15.3 ओवर में 107 रन बनाकर सिमट गई। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है।
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विकेटकीपर-बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजेन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 12 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हुए। वियान मुल्डर भी 16 रन बनाकर मिचेल सैंटनर का शिकार बने। टॉनी डी जॉर्जी का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा, और वह 4 गेंदों में सिर्फ एक ही बना सके। रुबिन हरमन 12 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जेसन स्मिथ 12 रन बनाकर मिचेल सैंटनर की गेंद पर बेन सियर्स को कैच देकर पवेलियन लौटे।
जॉर्ज लिंडे ने 12 गेंदों में 33 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। केशव महाराज और नकोबानी मोकोएना बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। गेंदबाजी में न्यूजीलैंड की ओर से बेन सियर्स ने सिर्फ 14 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, लॉकी फर्ग्यूसन ने 3.3 ओवर के स्पेल में 16 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
इससे पहले टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 175 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। टीम की तरफ से डेवोन कॉनवे ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 60 रन बनाए। टॉम लाथम 11 रन बनाकर आउट हुए, तो टिम रॉबिन्सन को जॉर्ज लिंडे ने महज 1 रन के स्कोर पर क्लीन बोल्ड करते हुए पवेलियन भेजा। निक केली ने 12 गेंदों में 21 रन बनाए, तो कप्तान मिचेल सैंटनर ने 14 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया। अंत के ओवरों में जोश क्लार्कसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 9 गेंदों में 26 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। साउथ अफ्रीका की ओर से गेंदबाजी में वियान मुल्डर ने सर्वाधिक 2 विकेट निकाले, जबकि गेराल्ड कोएत्जी और केशव महाराज ने एक-एक विकेट चटकाया।
--आईएएनएस
एसएम/आरएसजी
