Aapka Rajasthan

शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी आईपीएल इतिहास में सर्वश्रेष्ठ: इरफान पठान

नई दिल्ली, 30 मई (आईएएनएस)। गुजरात टाइटंस (जीटी) आईपीएल 2026 के फाइनल में पहुंच चुकी है। शुक्रवार को दूसरे क्वालीफायर में जीटी ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को हराकर फाइनल में जगह बनाई। जीटी को फाइनल तक पहुंचाने में सलामी बल्लेबाजों कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन का अहम योगदान रहा है। आरआर के खिलाफ दूसरे क्वालीफायर में भी दोनों ने पहले विकेट के लिए 12.5 ओवर में 167 रन की साझेदारी की थी। पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने गिल और साई की जोड़ी को आईपीएल इतिहास की सर्वश्रेष्ठ जोड़ी करार दिया है।
 
इरफान पठान ने जियोस्टार पर कहा, "शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी आईपीएल इतिहास की सबसे बेहतरीन ओपनिंग जोड़ी हैं। इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 100 और 50 रनों की साझेदारियों का रिकॉर्ड इन्हीं के नाम है। उनकी सफलता का राज इस बात में छिपा है कि उनका खेल एक-दूसरे के साथ कितनी स्वाभाविक रूप से मेल खाता है, जिससे गुजरात शुरू से ही विरोधी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखने में कामयाब रहता है।"

उन्होंने कहा, "टी20 क्रिकेट में अगर आप एक जोरदार शुरुआत चाहते हैं, तो आप चाहेंगे कि ये दोनों ही ओपनिंग करें। वे एक-दूसरे के पूरक हैं। एक स्ट्राइक रोटेट करता है, तो दूसरा बाउंड्री लगाता है। उनकी आपसी समझ जबरदस्त है।"

आरआर के खिलाफ गिल और साई की साझेदारी पर पठान ने कहा, "इस जोड़ी ने पावरप्ले के दौरान राजस्थान की रणनीतिक गलतियों का फायदा उठाया। शॉर्ट-पिच गेंदबाजी से परेशान करने की कोशिशें सीधे तौर पर उनके पक्ष में गईं। अगर गेंदबाज शॉर्ट-पिच गेंदें फेंकते हैं, तो वे असल में इसका मजा लेते हैं। वे कट शॉट खेलने और किसी भी शॉर्ट गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने के लिए तैयार रहते हैं। ठीक यही नांद्रे बर्गर और जोफ्रा आर्चर ने किया। उन्होंने शॉर्ट गेंदें फेंकी। गिल और सुदर्शन बस इसी का इंतजार कर रहे थे। आरआर मैच इन दोनों के क्रीज पर रहते ही हार गई थी।"

पठान ने गिल के तेज और स्पिन, दोनों तरह की गेंदबाज़ी के खिलाफ आक्रामक रवैये की तारीफ करते हुए कहा कि गुजरात के कप्तान का पिच पर आगे बढ़कर खेलने का जज्बा उन्हें रोकना और भी मुश्किल बना देता है। शुभमन गिल तेज गेंदबाजों और स्पिनरों, दोनों के खिलाफ अपने पैरों का इस्तेमाल करने से नहीं डरते। वह आगे बढ़कर खेलते हैं, जगह बनाते हैं और गेंद को ऊपर से मारते हैं।

दूसरे क्वालीफायर में आरआर ने जीटी को जीत के लिए 215 रन का लक्ष्य दिया था। शुभमन गिल के 104 और साई सुदर्शन के 58 रन की पारी और इन दोनों के बीच 77 गेंदों पर हुई 167 रन की साझेदारी की बदौलत जीटी ने 18.4 ओवर में 3 विकेट पर 219 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीत लिया।

अगर सीजन में गिल और साई के प्रदर्शन पर नजर डालें तो गिल ने 15 मैचों की 15 पारियों में 1 शतक और 6 अर्धशतक लगाते हुए 722 रन बनाए हैं। वहीं, साई सुदर्शन ने 16 मैचों की 16 पारियों में 1 शतक और 8 अर्धशतक लगाते हुए 710 रन बनाए हैं। जीटी को फाइनल में पहुंचाने में गिल और साई की बल्लेबाजी का सबसे अहम योगदान रहा है।

जीटी अपने घरेलू मैदान नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ फाइनल खेलेगी।

--आईएएनएस

पीएके