Aapka Rajasthan

श्री माता वैष्णो देवी तीर्थयात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ी संख्या, सीईओ ने सुविधाओं की दी जानकारी

कटरा, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर सचिन कुमार वैश्य ने गुरुवार को वैष्णो देवी तीर्थयात्रा में भक्तों की संख्या में बढ़ोतरी की बात कही।
 
श्री माता वैष्णो देवी तीर्थयात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ी संख्या, सीईओ ने सुविधाओं की दी जानकारी

कटरा, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर सचिन कुमार वैश्य ने गुरुवार को वैष्णो देवी तीर्थयात्रा में भक्तों की संख्या में बढ़ोतरी की बात कही।

सचिन कुमार वैश्य ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "इस साल वैष्णो देवी तीर्थयात्रा में भक्तों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि देखी जा रही है। अब तक 23.5 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा मंदिर में माता के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्षों की तुलना करें तो उससे करीब 1.5 अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा की है। यह संख्या बोर्ड के लिए बहुत ही उत्साहवर्धक है। उन्होंने पूरा विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी भक्तों की संख्या लगातार बढ़ती रहेगी।"

श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। सीईओ ने कहा कि बोर्ड हर साल सुविधाओं में सुधार करता है ताकि हर आने वाले भक्त को बेहतर अनुभव मिले। इसमें रहने की व्यवस्था, भोजन, यात्रा मार्ग और दर्शन व्यवस्था शामिल है।

उन्होंने बताया, "वर्तमान में कमरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। पवित्र गुफा की ओर जाते समय भक्तों के लिए स्काईवॉक बनाया गया है, जिससे यात्रा सुगम हो गई है। दर्शन के बाद भीड़ से बचने के लिए अलग निकास मार्ग भी तैयार किया गया है। इसके अलावा एक साधना कक्ष बनाया गया है, जहां श्रद्धालु निःशुल्क बैठकर साधना कर सकते हैं। हवन करने वालों की संख्या बढ़ने के साथ ही हवन शुल्क में भी कमी की गई है। बाबा शिव खोड़ी के दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की व्यवस्था को और बेहतर किया जा रहा है।"

सचिन कुमार वैश्य ने खेलों के क्षेत्र में श्राइन बोर्ड की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि श्राइन बोर्ड स्थानीय युवाओं को विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण दे रहा है। यहां तीरंदाजी, क्रिकेट, बास्केटबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, टेबल टेनिस और लॉन टेनिस जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। जल्द ही एक बड़ा खेल एरिना भी तैयार हो जाएगा।

उन्होंने हाल ही में बैंकॉक में विश्व पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली स्थानीय खिलाड़ी पायल की तारीफ की और कहा कि बोर्ड से पहले भी शीतल देवी और राकेश जैसे खिलाड़ी निकले हैं, जिन्हें भारत सरकार ने सम्मानित किया है। बोर्ड खिलाड़ियों के रहने-खाने का पूरा ध्यान रखता है। हाल ही में खिलाड़ियों के लिए विशेष मेस (भोजनशाला) का उद्घाटन किया गया है, ताकि एथलीट्स को पौष्टिक भोजन मिल सके।

एक सवाल के जवाब में सीईओ ने हाल के विवाद पर भी बात की। उन्होंने कहा कि वे धार्मिक परंपराओं का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन एक वीडियो क्लिप को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि आध्यात्मिक सेवाओं और शैक्षिक कार्यक्रमों के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाएं समय पर उपलब्ध करानी चाहिए।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी