Aapka Rajasthan

श्रेयस अय्यर वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी, मुझे उनसे सीखना पसंद है: कूपर कोनोली

नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स के बल्लेबाज कूपर कोनोली ने कप्तान श्रेयस अय्यर की जमकर तारीफ की है। कोनोली का कहना है कि अय्यर एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं, और उनसे चीजें सीखना कोनोली को पसंद है। आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की शुरुआत दमदार रही है। टीम का कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ खेला गया आखिरी मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था।
 
श्रेयस अय्यर वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी, मुझे उनसे सीखना पसंद है: कूपर कोनोली

नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स के बल्लेबाज कूपर कोनोली ने कप्तान श्रेयस अय्यर की जमकर तारीफ की है। कोनोली का कहना है कि अय्यर एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं, और उनसे चीजें सीखना कोनोली को पसंद है। आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की शुरुआत दमदार रही है। टीम का कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ खेला गया आखिरी मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था।

कूपर कोनोली ने गुरुवार को कहा कि वह इस सीजन की धमाकेदार शुरुआत के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और मुख्य कोच रिकी पोंटिंग से मिली शानदार तारीफ के लिए 'बहुत शुक्रगुजार' हैं। कोनोली का प्रदर्शन टूर्नामेंट में अब तक बल्ले से शानदार रहा है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ पहले ही मुकाबले में कोनोली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 72 रनों की दमदार पारी खेली थी। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था। मिडिल ऑर्डर के लड़खड़ाने के बावजूद पारी को संभालने के लिए उनकी खूब तारीफ हुई थी।

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी कोनोली ने 36 रनों की अहम पारी खेली थी, जिसके दम पर पंजाब किंग्स इस सीजन की दूसरी जीत दर्ज करने में सफल रही थी। 'जियोस्टार' पर बात करते हुए कोनोली ने कहा, "यह एक अच्छी शुरुआत रही है। उम्मीद है कि हम जीत का सिलसिला जारी रखेंगे और अंक तालिका में पहले स्थान पर बने रहेंगे। मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा है। मैंने कुछ महीने पहले ऑस्ट्रेलिया बनाम भारत सीरीज के दौरान श्रेयस से थोड़ी बातचीत की थी। मुझे उन्हें खेलते देखना पसंद है। मुझे उनसे सीखना पसंद है। उन्होंने जाहिर तौर पर मेरे बारे में कुछ अच्छी बातें कही हैं और मैं इसके लिए बहुत शुक्रगुजार हूं। वह एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं, लेकिन मैं बस उनसे सीखने और बेहतर बनने की कोशिश करता रहूंगा और इस टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा।"

कोनोली ने कहा कि वह आगे भी टीम की जीत में अहम योगदान देने का प्रयास करेंगे। "उम्मीद है कि हम इसी तरह का प्रदर्शन करना जारी रखेंगे और आगे आने वाले मुकाबलों में भी जीत दर्ज करेंगे। मैं बल्ले, गेंद और फील्डिंग से अहम योगदान देने का प्रयास करूंगा। मैं बस अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान दे रहा हूं और टीम की सफलता की उम्मीद कर रहा हूं।"

हालांकि, कोनोली को उनकी निडरता के लिए खूब सराहा जा रहा है, लेकिन उन्होंने यह भी माना कि अपना पहला आईपीएल मैच खेलने उतरते समय उन्हें काफी घबराहट महसूस हो रही थी। "मुझे लगता है कि जब मैं बेंच पर बैठा था और (मैच के लिए) जाने की तैयारी कर रहा था, तो मैं काफी घबराया हुआ था। शायद यहीं से यह सब शुरू हुआ। सुबह जब मैं उठा, तो मेरे पेट में थोड़ी अजीब सी हलचल हो रही थी, बस घबराहट सी थी। घबराना हमेशा अच्छी बात होती है। जब मैं बल्लेबाजी करने के लिए मैदान पर उतरा, तो मैं काफी घबराया हुआ था और फिर धीरे-धीरे मैं खेल में रम गया। मुझे लगता है कि मैं जितनी देर मैदान पर रहा, उतना ही ज्यादा सहज महसूस करने लगा और मैंने खुद को शांत रखने की कोशिश की। मैंने आने वाली गेंद पर फोकस किया और उसी हिसाब से शॉट खेले।"

कोनोली ने कहा कि पंजाब किंग्स के ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी अच्छा और सकारात्मक है। उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर की प्रशंसा करते हुए कहा, "हर कोई श्रेयस अय्यर के आस-पास रहना पसंद करता है, क्योंकि वह एक अच्छे इंसान भी हैं। वह ऐसे इंसान हैं जिनके आस-पास हर कोई रहना चाहता है। मुझे लगता है कि खिलाड़ी उनके अंडर खेलना चाहते हैं और उनके लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं। अय्यर इस तारीफ के हकदार हैं।"

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी