श्रावस्ती में पुलिस मुठभेड़: 50-50 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, एसआई घायल
श्रावस्ती, 7 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में भिनगा कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद 50-50 हजार रुपये के दो शातिर इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक उपनिरीक्षक (एसआई) भी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार अंटा तिराहे के पास हुई मुठभेड़ में बदमाशों की ओर से करीब छह राउंड फायरिंग की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें 30 से अधिक आपराधिक मुकदमों में वांछित इनामी बदमाश गिरीश बहेलिया के पैर में गोली लग गई।
पुलिस के मुताबिक, भिनगा कोतवाली और एसओजी की टीम अंटा तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध बदमाशों की मौजूदगी की जानकारी मिली। टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब छह राउंड गोलियां चलाईं। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें गिरीश बहेलिया के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसके साथी शिव कुमार जायसवाल को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग से बचाव करते समय एक उपनिरीक्षक के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घायल बदमाश गिरीश बहेलिया को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी और एक मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरीश बहेलिया के खिलाफ 30 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसके साथी शिव कुमार जायसवाल पर भी 23 से अधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
दोनों आरोपी नकबजनी, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहे थे। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
श्रावस्ती के एसपी राहुल भाटी ने बताया कि चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने अंटा तिराहे के पास दोनों वांछित अपराधियों को घेरा था। बदमाशों की फायरिंग के जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में गिरीश बहेलिया घायल हुआ जबकि शिव कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने कहा कि दोनों के आपराधिक इतिहास और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम
