Aapka Rajasthan

श्रमिक दिवस पर गौतमबुद्धनगर में लगेगा विशेष मेगा कैंप, जिला प्रशासन ने तेज की तैयारी

गौतमबुद्धनगर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। आगामी श्रमिक दिवस के अवसर पर जनपद में श्रमिकों के लिए विशेष मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सेक्टर, जोनल और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
 
बैठक का मुख्य उद्देश्य मेगा कैंप के सफल, सुव्यवस्थित और प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करना रहा। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि श्रमिकों तक सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंच सके। जिलाधिकारी ने यह भी चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के विभिन्न श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रमिकों को उनके कार्यस्थल या निवास के निकट ही चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि मेडिकल कैंपों में पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की तैनाती, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और जांच सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि श्रमिकों को उनके कार्य समय के अनुसार ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा दी जाए, ताकि उन्हें काम से अनावश्यक अवकाश न लेना पड़े।

साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक श्रमिकों को इन कैंपों के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे उनकी सहभागिता बढ़े और वे सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ उठा सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह मेगा कैंप केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि श्रमिकों के कल्याण और सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।

इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी