Aapka Rajasthan

हजरतगंज हत्याकांड: श्रद्धा दुबे समेत तीनों आरोपियों को कोर्ट ने भेजा जेल, 10 दिन की न्यायिक हिरासत में गोसाईगंज जेल में रहेंगी बंद

लखनऊ, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। लखनऊ कोर्ट ने हजरतगंज हत्याकांड में आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट के आदेश के बाद श्रद्धा दुबे को पुलिस की कड़ी सुरक्षा में गोसाईगंज स्थित लखनऊ जेल भेज दिया गया।
 

लखनऊ, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। लखनऊ कोर्ट ने हजरतगंज हत्याकांड में आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश को 10 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट के आदेश के बाद श्रद्धा दुबे को पुलिस की कड़ी सुरक्षा में गोसाईगंज स्थित लखनऊ जेल भेज दिया गया।

गुरुवार को लखनऊ की हजरतगंज पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने कोर्ट से न्यायिक हिरासत की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए तीनों को 10 दिन के लिए जेल भेजने का आदेश दिया।

इस 10 दिन की न्यायिक अभिरक्षा के दौरान हजरतगंज पुलिस को जेल के अंदर जाकर पूछताछ करने की अनुमति मिल गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ का मुख्य फोकस फरारी के दौरान के 13 दिनों पर रहेगा।

गुरुवार को सुनवाई के दौरान हजरतगंज पुलिस ने कोर्ट के समक्ष कई अहम सबूत पेश किए। पुलिस ने जज के सामने तमाम इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बरामद कर पेश किए। इसके अलावा कुछ एटीएम कार्ड और डेबिट कार्ड भी कोर्ट में दिखाए गए। पुलिस का कहना है कि लगभग 13 दिनों की फरारी के दौरान श्रद्धा दुबे और उसके साथियों ने इन्हीं कार्ड्स का इस्तेमाल किया था।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इन इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और कार्ड्स के जरिए फरारी के दौरान हुई लेन-देन और लोकेशन की अहम जानकारी मिल सकती है। पुलिस अब इन गैजेट्स की फॉरेंसिक जांच भी कराएगी।

बताया जा रहा है कि श्रद्धा दुबे मामले में पुलिस लगातार सबूत जुटा रही है। फरारी के दौरान वह कहां-कहां रुकी, किसने उसकी मदद की और पैसों का इंतजाम कैसे हुआ। इन सभी बिंदुओं पर हजरतगंज पुलिस जेल में पूछताछ करेगी।

न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद श्रद्धा दुबे को महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में गोसाईगंज जेल ले जाया गया। जेल प्रशासन ने बताया कि उन्हें सामान्य कैदियों की तरह ही रखा जाएगा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इस मामले में अब अगली सुनवाई 10 दिन बाद होगी। तब तक पुलिस को जेल में पूछताछ कर अपनी रिपोर्ट तैयार करनी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी