शिवराज सिंह चौहान ने रिश्वत मांगने के मामले में कृषि मंत्रालय के अधिकारी को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित
नई दिल्ली/भोपाल, 21 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रिश्वत मांगने के एक मामले में कृषि मंत्रालय के अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिकारी के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को निलंबित किया है। आरोप है कि उन्होंने सीहोर जिले में निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस से सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी थी। शिवाय वेयरहाउस से एक लाख रुपए और श्री कृष्णा वेयरहाउस से करीब 60 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की गई थी।
इस संबंध में वेयरहाउस संचालकों ने केंद्रीय कृषि मंत्री तक अपनी शिकायत पहुंचाई थी। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि और ग्रामीण विकास के सचिव सहित शीर्ष अधिकारियों की बैठक बुलाई है। बताया गया कि अनियमितताओं और कार्य में लापरवाही की विभिन्न शिकायतों को लेकर सोमवार शाम को करीब 7 बजे दिल्ली में यह बैठक होगी।
सोमवार को दिन में शिवराज सिंह चौहान पंजाब के दौरे पर रहेंगे। वहां से लौटने के बाद वे कृषि और ग्रामीण विकास के सचिव सहित शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें महत्वपूर्ण दिशा निर्देश के साथ प्रभावी निर्णय लिए जा सकते हैं।
शिवराज सिंह चौहान सोमवार को पंजाब में भाजपा की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' में शामिल होंगे। यात्रा में शामिल होने से पहले वे तलवंडी साबो में तख्त श्री दमदमा साहिब में मत्था टेकेंगे। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान तलवंडी साबो में रविदासिया चौक पर स्थित दाना मंडी में 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' का शुभारंभ करेंगे।
केंद्रीय मंत्री मैसरखाना में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे और बठिंडा में किसानों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ सीधी बातचीत करेंगे।
--आईएएनएस
डीसीएच/
