शिवसेना नेता के वीडियो में दिखे 500 रुपए के नोटों के बंडल, पूरे मामले की जांच हो : संदीप देशपांडे
मुंबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता संदीप देशपांडे ने शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट पर चुनाव के दौरान कथित तौर पर पैसे बांटने को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो का हवाला देते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
देशपांडे ने कहा कि वीडियो में कथित तौर पर शिंदे गुट के शाखा प्रमुख संतोष पवार एक बॉक्स खोलते दिखाई दे रहे हैं, जिसमें 500 रुपए के नोटों के कई बंडल रखे हुए हैं।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता संदीप देशपांडे ने सवाल उठाया कि संतोष पवार को यह पैसा किसने दिया, किस उद्देश्य से दिया और इतनी बड़ी रकम कहां से आई? उन्होंने कहा कि वीडियो में संतोष पवार यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि चुनाव के समय किसी बड़े नेता ने उन्हें अपने हिसाब से काम करने के लिए कहा था और यह रकम भेजी गई थी।
देशपांडे ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि जनता के सामने सच्चाई आ सके और पता चल सके कि चुनाव के दौरान आखिर क्या हुआ था।
क्या शिंदे गुट चुनाव के दौरान पैसों के लेन-देन में शामिल रहता है, इस सवाल पर देशपांडे ने कहा कि उन्हें इसकी पूरी जानकारी नहीं है। बिना प्रमाण के किसी पर आरोप लगाना उचित नहीं होगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि सामने आया वीडियो स्पष्ट रूप से दिखाई देता है और यह एआई से तैयार किया गया वीडियो नहीं है। इसलिए इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। वीडियो में दिखाई दे रहे संतोष पवार ही इस मामले में बेहतर तरीके से जवाब दे सकते हैं।
देशपांडे ने यह भी कहा कि पुलिस कई मामलों में खुद संज्ञान लेती है और इस मामले में भी पुलिस को स्वतः संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि वह इस संबंध में पुलिस या चुनाव आयोग में शिकायत करने पर विचार कर सकते हैं, ताकि मामले की जांच हो और पैसे के स्रोत का पता लगाया जा सके।
--आईएएनएस
पीएसके/एबीएम
