Aapka Rajasthan

समग्र शिक्षा की पुस्तकों में अलगाववादियों का महिमामंडन अस्वीकार्य : भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर

श्रीनगर, 4 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्कूलों और पुस्तकालयों में भेजी गई अध्ययन सामग्री को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुस्तकों में अलगाववादी नेता मकबूल भट को 'शहीद' बताया गया है और हुर्रियत से जुड़े लोगों को 'स्वतंत्रता सेनानी' के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है।
 

श्रीनगर, 4 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्कूलों और पुस्तकालयों में भेजी गई अध्ययन सामग्री को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुस्तकों में अलगाववादी नेता मकबूल भट को 'शहीद' बताया गया है और हुर्रियत से जुड़े लोगों को 'स्वतंत्रता सेनानी' के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है।

अल्ताफ ठाकुर ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "समग्र शिक्षा अभियान केंद्र सरकार की वित्तपोषित योजना है, लेकिन पाठ्यक्रम तैयार करने, बच्चों को क्या पढ़ाया जाएगा और पुस्तकों में कौन-सी सामग्री शामिल होगी, इसका निर्णय केंद्र शासित प्रदेश या राज्य सरकार करती है।" उन्होंने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर के कुछ स्कूलों और पुस्तकालयों में भेजी गई अध्ययन सामग्री में भारत विरोधी विचारों को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने भारत के खिलाफ हिंसक गतिविधियों में हिस्सा लिया या अलगाववाद को बढ़ावा दिया। उन्हें अध्ययन सामग्री में महिमामंडित करना बेहद गंभीर मामला है। भाजपा इस मुद्दे पर जवाबदेही तय करने की मांग करेगी।"

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "भारत सरकार की ओर से दिए गए धन का उपयोग किसी भी स्थिति में भारत विरोधी प्रचार या आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए नहीं किया जा सकता। यदि सरकारी फंड का इस्तेमाल आतंकवादियों या प्रतिबंधित संगठनों का महिमामंडन करने में किया गया है, तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाब देना होगा। मकबूल भट को 'शहीद' बताना और हुर्रियत जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े व्यक्तियों को सकारात्मक रूप में प्रस्तुत करना स्वीकार्य नहीं है।"

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के ईरान दौरे पर पूछे गए सवाल के जवाब में अल्ताफ ठाकुर ने कहा, "ईरान भारत का मित्र देश है और दोनों देशों के बीच लंबे समय से अच्छे राजनयिक एवं व्यापारिक संबंध हैं। भारत का आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भी हाल में ईरान का दौरा कर चुका है, जिसमें बिहार के राज्यपाल सहित कई प्रतिनिधि शामिल थे।"

गृह मंत्रालय द्वारा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत 23 लोगों को आतंकवादी घोषित किए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए ठाकुर ने कहा, "आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी की 'जीरो टॉलरेंस' नीति का हिस्सा है। सरकार का लक्ष्य आतंकवाद को जड़ से समाप्त करना है और देश या विदेश में कहीं भी सक्रिय आतंकवादियों के खिलाफ कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।"

उन्होंने बताया कि घोषित 23 आतंकवादियों में जम्मू-कश्मीर के सात लोग भी शामिल हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी