एलपीजी के मुद्दे पर शिक्षक खान सर ने कहा- देश में अभी कोई बड़ी कमी नहीं, बढ़ती कीमतों पर जताई चिंता
पटना, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। शिक्षक खान सर ने देश में एलजीपी सिलेंडर की कमी से इनकार किया है। हालांकि, उन्होंने गैस के साथ-साथ खाने की बढ़ती कीमतों पर चिंता जाहिर की। खान सर ने कहा कि मध्यम-वर्गीय छात्रों के लिए खर्च में 200–300 रुपए की बढ़ोतरी भी एक बड़ा आर्थिक बोझ बन जाती है।
शिक्षक खान सर ने पटना में एक शैक्षिक सेमिनार को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, शासन-प्रशासन और छात्र कल्याण से जुड़ी पहलों पर चर्चा की।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "इस सेमिनार में बड़ी संख्या में बच्चों ने हिस्सा लिया है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य, शिक्षा के प्रति जागरूकता है। हमारा लक्ष्य छात्रों को न केवल रोजगार दिलाने में मदद करना है, बल्कि उन्हें ऐसे कौशल भी सिखाना है, जिनकी मदद से वे अपनी नौकरी के साथ-साथ अपना व्यवसाय भी चला सकें। हमारा विचार उन्हें ऐसे स्तर तक पहुंचाना है, जहां वे अपने स्वयं के विकास के साथ-साथ देश के विकास में भी अपना योगदान दे सकें।"
इसी बीच, उन्होंने एलजीपी के मुद्दे पर सवालों का जवाब देते हुए कहा, "अभी तक कोई बड़ी कमी देखने को नहीं मिली है, लेकिन छात्रों को कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। एलपीजी के महंगा होने और होटलों में खाने के दाम बढ़ने का छात्रों पर असर पड़ रहा है। मध्यम-वर्गीय छात्रों के लिए खर्च में 200–300 रुपए की बढ़ोतरी भी एक बड़ा आर्थिक बोझ बन जाती है।"
पश्चिम एशिया के संघर्ष पर भी खान सर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कुछ भी कर सकते हैं। लेकिन हमारे जैसे तटस्थ देश के लिए, जो शांति का प्रतीक है, सद्भाव बनाए रखना बेहद मुश्किल हो जाता है। एक तरफ अमेरिका, इजरायल और यूरोपीय देश खड़े हैं, तो दूसरी तरफ अपनी ऊर्जा सुरक्षा के लिए हमें ईरान जैसे पुराने सहयोगियों पर निर्भर रहना पड़ता है। इसलिए, हमें पूरी तरह से संतुलन बनाए रखना होगा।"
--आईएएनएस
डीसीएच/
