शिक्षा से ही सशक्त होगा राष्ट्र का भविष्य: केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को कहा कि शिक्षा ही समाज, परिवार और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अनिवार्य बताया।
लखनऊ स्थित जन भवन में आदर्श माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और गुणवत्ता में सुधार समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जन भवन में बुनियादी सुविधाओं के विकास में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। उन्होंने विद्यालय के उन्नयन का जिक्र करते हुए कहा कि पहले यह संस्थान कक्षा 8 तक सीमित था, जिसे अब बढ़ाकर कक्षा 10 तक कर दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिलेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से संवाद के दौरान उनकी प्रतिभा, अनुशासन और जिज्ञासा की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां के विद्यार्थी भविष्य में चिकित्सा, विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मौर्य ने विद्यालय के विकास में राज्यपाल की भूमिका को अहम बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुले हैं।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
