शी चिनफिंग ने बाढ़ की रोकथाम और आपदा राहत कार्यों पर महत्वपूर्ण निर्देश दिए
बीजिंग, 7 जुलाई (आईएएनएस)। चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के महा सचिव, राष्ट्रपति और चीनी फौजी आयोग के अध्यक्ष शी चिनफिंग ने बाढ़ की रोकथाम और आपदा राहत कार्यों पर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
शी चिनफिंग ने कहा कि हाल ही में, भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण क्वांगसी, हपेई, गानसू और अन्य क्षेत्रों में बांध टूटने और भूस्खलन जैसी कई आपदाएं आईं, जिससे भारी जानमाल का नुकसान हुआ। जानमाल के नुकसान को कम करने और अन्य आपदाओं को रोकने के लिए बचाव और राहत कार्य आयोजित करने, घायलों का इलाज करने और प्रभावित आबादी को पुनर्स्थापित करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाने चाहिए।
शी चिनफिंग ने जोर देते हुए कहा कि वर्तमान बाढ़ नियंत्रण स्थिति गंभीर और जटिल है। विभिन्न स्थानीय निकायों और सम्बंधित विभागों को स्थापित योजनाओं और उपायों का कार्यान्वयन सुनिश्चित करना चाहिए, निगरानी, प्रारंभिक चेतावनी और आपातकालीन बचाव तैयारियों को मजबूत करना चाहिए, और लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपदा निवारण और राहत के सभी पहलुओं में ठोस काम करना चाहिए।
चीनी प्रधान मंत्री ली छ्यांग ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि हाल ही में मौसम की चरम घटनाएं लगातार हो रही हैं। राज्य बाढ़ नियंत्रण एवं सूखा राहत मुख्यालय के कार्यालय, राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण एवं राहत मुख्यालय को विभिन्न स्थानीय निकायों को वर्षा और बाढ़ की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने, संभावित खतरों की निगरानी और पूर्व चेतावनी को मजबूत करने, व्यापक बचाव एवं राहत कार्य करने, संभावित आपदा जोखिमों और खतरों की पूरी तरह से जांच करने, सभी बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा राहत उपायों को विस्तार से लागू करने और बड़ी द्वितीयक आपदाओं को सख्ती से रोकने का निर्देश देना चाहिए।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
