शेखपुरा में स्कूली बच्चों की अनूठी पहल, सीएम राहत कोष के लिए जुटाए रुपए, अतिरिक्त कलेक्टर को सौंपा चेक
पटना, 26 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के शेखपुरा जिले के समाहरणालय के चेवाड़ा के स्कूली बच्चों की एक अनूठी पहल सामने आई है। राज्य में बाढ़ संकट के दौरान पीड़ितों की मदद के लिए छात्रों ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 10,000 रुपए जमा किए और अपर समाहर्ता (अतिरिक्त कलेक्टर) को चेक सौंपा।
दरअसल, राज्य में आई आपदा की स्थिति में बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए सामाजिक और शैक्षणिक संस्थान भी अब खुलकर आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिला पदाधिकारी शेखर आनंद के निर्देशानुसार, अपर समाहर्ता लखींद्र पासवान की उपस्थिति में एक सराहनीय पहल की गई।
शनिवार को सीनियर सेकेंडरी स्कूल श्री कृष्ण उच्च विद्यालय, चेवाड़ा के प्रभारी पदाधिकारी अशोक कुमार, शिक्षक नीरज कुमार एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की टीम की सदस्य खुशबू कुमारी और रागनी कुमारी ने संयुक्त रूप से अपर समाहर्ता को उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दस हजार रुपए का चेक/राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में भेंट की।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने विद्यालय परिवार एवं स्काउट एंड गाइड की टीम की सराहना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए। विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा की गई यह पहल न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए प्रेरित करेगी।
प्रभारी पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि राज्य के प्रभावित इलाकों में पीड़ित लोगों की पीड़ा को देखते हुए विद्यालय परिवार और स्काउट्स एवं गाइड्स के कैडेट्स ने अपनी इच्छा से यह सहयोग राशि के रूप में दी है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
