एडीजी और डीआईजी ने शेखपुरा पुलिस लाइन का किया औचक निरीक्षण, कानून-व्यवस्था की समीक्षा
पटना, 8 जून (आईएएनएस)। अपर महानिदेशक (एडीजी) अमित लोढ़ा और पुलिस महानिदेशक (डीआईजी) राकेश कुमार ने सोमवार को शेखपुरा में नई बनी पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण किया और लॉ एंड ऑर्डर, क्राइम कंट्रोल के तरीकों और पुलिस के काम की समीक्षा की।
इस दौरान एडीसी अमित लोढ़ा ने सीनियर पुलिस अधिकारियों को पुलिसिंग पर नजर रखने, पब्लिक सर्विस को बेहतर बनाने और पुलिस-पब्लिक कोऑर्डिनेशन को मजबूत करने के लिए जिले सौंपे। उन्होंने डायल 112 सर्विस का भी रिव्यू किया और कहा कि लोगों को तेजी से इमरजेंसी में मदद देने की कोशिश की जा रही है।
इसे लेकर एडीजी ने बताया कि सभी वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी जैसे आईजी, एडिशनल डीजी, उन सबको कुछ जिलों का दायित्व दिया गया है, जिससे वे अपने जिलों के पुलिस की कार्यप्रणाली पर नजर रखेंगे तथा जिले के एसपी और पुलिस टीम को निर्देश देंगे। इसी क्रम में सोमवार को शेखपुरा आया हूं और यहां पर मैं शेखपुरा के पुलिस लाइन का निरीक्षण करूंगा। साथ ही मैं हमारे जितने पुलिसकर्मी हैं, उनसे बातें करूंगा। उनकी समस्याएं और सुझाव सुनूंगा।
उन्होंने आगे बताया कि हमारी डायल 112 की जो सेवा है और जनता को किस तरीके से मिल रही है, उसकी भी समीक्षा की जाएगी। वायरलेस का जो काम है, वो किया जाएगा। साथ में शेखपुरा में अपराध नियंत्रण में जो एसपी और डीआईजी काम कर रहे हैं, उसकी समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस पब्लिक-फ्रेंडली होने के लिए वैसे भी हमेशा तत्पर रही है। इसके लिए पहले भी कई प्रोग्राम किए गए हैं, जिसमें सबसे असरदार आज की तारीख में डायल 112 की सेवा है। इसके लेकर सीएम भी लगातार निर्देश दे रहे हैं कि जितने कम समय में जो हमारी 112 की सेवा है, वो लोगों को मिले, और हमलोग इसकी पूरी कोशिश करेंगे कि अगले 6 महीने में जो पब्लिक हैं, उनको मात्र 6 से 7 मिनट में हमारी पुलिस तथा बाकी इमरजेंसी सेवाएं प्रदान हों।
साथ ही दो इमर्जेंसी सेवाएं हैं, जो पुलिस और अन्य विभागों द्वारा दी जा रही हैं। उसकी सर्विस भी अच्छी हो और इस पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अपराध के लिए बिहार पुलिस हमेशा प्रतिबद्ध है और इसके नियंत्रण के लिए राज्य में हमेशा अच्छा काम होता रहता है। इसके लिए सभी जिलों के एसपी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
