Aapka Rajasthan

शेखपुरा में 'सबका सम्मान जीवन' कार्यक्रम, जिलाधिकारी ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, अतिक्रमण पर जांच का आश्वासन दिया

शेखपुरा, 9 नवंबर (आईएएनएस)। आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन और लोगों को प्रशासनिक स्तर पर न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला पदाधिकारी शेखर आनंद की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में 'सबका सम्मान जीवन' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
 
लक्ष्मी पूजा, काली पूजा और छठ पर्व के त्योहार के अवसर के कारण इस बार कार्यक्रम में आमजनों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। बावजूद इसके, जो भी परिवादी पहुंचे, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया।

इस दौरान अरियरी प्रखंड के अंतर्गत वरुणा पंचायत के मसौढ़ा गांव निवासी चमोली देवी ने अपनी व्यक्तिगत भूमि से संबंधित समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। उन्होंने शिकायत की कि उनकी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर अपनी जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई।

जिलाधिकारी ने परिवादी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि मामले की जांच संबंधित पदाधिकारियों के माध्यम से कराई जाएगी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अतिक्रमण के मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजनों की समस्याओं का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी परिवादी को अपनी जायज समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध और संतोषजनक निष्पादन करना है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जमीन अतिक्रमण जैसे मामलों में मौके पर जाकर जांच की जाए और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, यह भी कहा गया कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

‘सबका सम्मान जीवन’ कार्यक्रम आमजनों और जिला प्रशासन शेखपुरा के बीच सीधा संवाद स्थापित करने एवं शिकायतों के त्वरित निष्पादन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से लोग सीधे जिलाधिकारी के सामने अपनी बात रख पाते हैं, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान आसान हो जाता है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी