'शीश महल' जनता के लिए खोलना जरूरी था, नेताओं की कथनी और करनी का अंतर सामने आना चाहिए: उदित राज
नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार के 'शीश महल' को आम जनता के लिए खोलने के फैसले पर कांग्रेस नेता उदित राज ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ऐसा करना जरूरी हो गया था, क्योंकि जनता को यह जानने का अधिकार है कि नेता जो कहते हैं, वास्तव में उनका आचरण उससे कितना अलग है। उन्होंने कहा कि बड़ा बंगला बनाना अपने आप में कोई बड़ी बात नहीं है, लेकिन जिस व्यक्ति ने बड़े बंगले, सुरक्षा और गाड़ियों के काफिले से दूर रहने का दावा किया था, उसी का आलीशान आवास बनना कई सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस नेता उदित राज ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि जिस समय देश कोरोना महामारी के संकट से गुजर रहा था, उस समय 'शीश महल' का निर्माण कराया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को बदनाम करने और सत्ता से हटाने की राजनीतिक साजिश के दौरान बड़े-बड़े दावे किए गए थे। ऐसे में जनता के सामने नेताओं की कथनी और करनी का अंतर उजागर करना जरूरी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों पर सवाल उठाते हुए उदित राज ने कहा कि प्रधानमंत्री वर्षों से विदेश यात्राएं कर रहे हैं, लेकिन इन दौरों से देश को क्या ठोस लाभ मिला है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। भारत की वैश्विक छवि और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसकी भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं के बाद अक्सर केवल उनके स्वागत, मुलाकातों, तस्वीरों और विदेशी नेताओं से गले मिलने की चर्चा होती है, जबकि इन यात्राओं के रचनात्मक परिणामों पर ज्यादा बात नहीं होती।
उन्होंने कहा कि पहले के प्रधानमंत्रियों के विदेश दौरे बहुत ज्यादा प्रचारित नहीं होते थे। उनके आने-जाने की खबरों से अधिक उनके काम और उपलब्धियों पर ध्यान दिया जाता था। उदित राज ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं से देश को कौन-से ठोस परिणाम मिले हैं?
पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी के 'खून और पानी साथ नहीं बह सकते' वाले बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि क्या इसके बाद पाकिस्तान की ओर जाने वाले पानी की एक बूंद भी रोकी जा सकी? उन्होंने कहा कि यदि केंद्र में कांग्रेस या यूपीए की सरकार होती और पाकिस्तान को किसी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में आमंत्रित किया जाता, तो भाजपा इसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाकर विरोध करती। अब भाजपा को भी अपनी नीतियों पर जवाब देना चाहिए।
दिल्ली में प्रदूषण के मुद्दे पर भी उदित राज ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पटाखों के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ा है और राजधानी में अब भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है। लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है और दमघोंटू हालात बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारें जिम्मेदारी निभाने के बजाय विपक्ष की तरह धरना-प्रदर्शन करती नजर आती हैं, जबकि दिल्ली में सरकार के पास कार्रवाई करने के लिए पर्याप्त अधिकार और जिम्मेदारी दोनों हैं।
--आईएएनएस
एसएके
