शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी थोड़ी मुश्किल, जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक लगाने के बाद बोले रेनशॉ
नई दिल्ली, 16 सितंबर (आईएएनएस)। जिम्बाब्वे के खिलाफ मंगलवार को खेले गए वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने शतक लगाया। 2017 के बाद रेनशॉ का यह पहला शतक था और पहला वनडे शतक था। छठे नंबर पर आकर शतक लगाने वाले रैनशॉ ने कहा कि अगर पारी की शुरुआत करते तो शायद वे शतक नहीं बना पाते।
एबीसी न्यूज के हवाले से रेनशॉ ने कहा, "शीर्ष क्रम में बल्लेबाजी करने पर थोड़ी मुश्किल होती है। बीच के ओवरों में जब मैं बल्लेबाजी के लिए आता हूं तो मेरा लक्ष्य उन जगहों पर शॉट लगाना होता है जहां फील्डर नहीं है।"
उन्होंने कहा, "बीच के समय में स्पिन एक बहुत बड़ा फैक्टर था। मैं इसे अपनी ताकत मानता हूं। मैं सच में अपना रोल समझता था। इससे मेरे लिए यह बहुत आसान हो गया।"
रेनशॉ ने कहा, "रेड-बॉल गेम में सीधे बैटिंग ओपनिंग करने जाना, वनडे के 20वें ओवर में दो स्पिनर्स का सामना करने से बहुत अलग रोल है। यह कुछ ऐसा है जिसके लिए मैं जितना हो सके उतनी अच्छी तरह तैयारी करने की कोशिश कर रहा हूं। मेरे लिए, मानसिकता सबसे बड़ी चीज है। मैं तकनीक के बारे में ज्यादा बात नहीं करता – यह ऐसी चीज नहीं है जिसके बारे में मैं बात करना पसंद करता हूं, मुझे लगता है कि यह मुझे बस कन्फ्यूज करता है।"
2017 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में शतक लगाने के बाद रेनशॉ का यह पहला अंतरराष्ट्रीय शतक था। इस शतक के साथ ही उनके अंतरराष्ट्रीय शतक का 10 साल लंबा इंतजार समाप्त हुआ।
मैच की बात करें तो रेनशॉ के 109 रन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट पर 294 रन बनाए और नाथन एलिस के पांच विकेट की मदद से जिम्बाब्वे को 235 रन पर समेट कर मैच 59 रन से जीता।
--आईएएनएस
पीएके
