Aapka Rajasthan

शरद पवार का सम्मान करते हैं पीएम मोदी, आनंद दुबे बोले-यही है प्यार की राजनीति

मुंबई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की राजनीति में अलग-अलग विचारधाराओं के बावजूद नेताओं के बीच आपसी सम्मान और राजनीतिक रिश्तों को लेकर शिवसेना नेता आनंद दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति की परंपरा रही है कि विचारधाराएं भले ही अलग हों लेकिन नेता एक-दूसरे के निजी दुश्मन नहीं होते।
 

मुंबई, 5 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की राजनीति में अलग-अलग विचारधाराओं के बावजूद नेताओं के बीच आपसी सम्मान और राजनीतिक रिश्तों को लेकर शिवसेना नेता आनंद दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति की परंपरा रही है कि विचारधाराएं भले ही अलग हों लेकिन नेता एक-दूसरे के निजी दुश्मन नहीं होते।

शिवसेना नेता आनंद दुबे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शरद पवार के प्रति सम्मान दिखाकर यह संदेश दिया है कि राजनीति में व्यक्तिगत संबंधों और मानवीय संवेदनाओं का भी महत्व है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का शरद पवार से यह कहना कि आप चिंता न करें, सुप्रिया सुले और मैं देश का ख्याल रखेंगे, इस भावना को प्रदर्शित करता है कि देश सभी का है और इसके 140 करोड़ नागरिक एक परिवार की तरह हैं।

उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री के 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत को भी दर्शाता है। दुबे ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को राजनीतिक विरोध और व्यक्तिगत टिप्पणी के बीच अंतर समझना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की ओर से जिस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता है, वह उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी समय-समय पर विपक्षी नेताओं का हालचाल पूछते हैं। इसके बावजूद उनके खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियां करना विपक्ष की राजनीतिक सोच को दर्शाता है। एनडीए एक परिवार की तरह है और उसका पूरा संगठन देश को अपना परिवार मानकर काम करता है। प्रधानमंत्री ने यह दिखाया है कि राजनीति में केवल कटुता नहीं बल्कि प्रेम और सम्मान की भी जगह होनी चाहिए।

आनंद दुबे ने शरद पवार के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि वे उनसे लगातार कुछ न कुछ सीखते रहते हैं। उन्होंने राजनीति को संभावनाओं का खेल बताते हुए कहा कि इसमें भविष्य की संभावनाओं को हमेशा तलाशा जाता है।

वहीं, एनसीपी की राजनीतिक रणनीति पर बोलते हुए हसन मुश्रीफ ने कहा कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने पर चर्चा हुई है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी आने वाले सभी चुनावों, खासकर जिला परिषद चुनावों में मजबूती के साथ मुकाबला करेगी।

हसन मुश्रीफ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें अजित पवार के विमान हादसे का मुद्दा भी उठाया गया था। उन्होंने मांग की कि घटना की जांच रिपोर्ट जल्द सौंपी जाए और जनता को बिना देरी के जवाब मिले। दीपावली के बाद सभी विधायक, मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और जांच की प्रगति की जानकारी लेंगे।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम