Aapka Rajasthan

शांगहाई में सजा दुनिया का बाजार, नौवें सीआईआईई का भव्य आगाज

बीजिंग, 6 नवंबर (आईएएनएस)। चीन के शांगहाई शहर में 5 नवंबर को नौवें चीन अंतर्राष्ट्रीय आयात एक्सपो (सीआईआईई) का भव्य उद्घाटन हुआ। राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस छह दिवसीय आयोजन में दुनिया के अलग-अलग देशों की कंपनियां अपने उत्पादों, नई तकनीकों और कारोबारी संभावनाओं के साथ हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन के साथ ही प्रदर्शनी परिसर में अंतरराष्ट्रीय कारोबार और नवाचार की हलचल तेज हो गई है।
 

बीजिंग, 6 नवंबर (आईएएनएस)। चीन के शांगहाई शहर में 5 नवंबर को नौवें चीन अंतर्राष्ट्रीय आयात एक्सपो (सीआईआईई) का भव्य उद्घाटन हुआ। राष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस छह दिवसीय आयोजन में दुनिया के अलग-अलग देशों की कंपनियां अपने उत्पादों, नई तकनीकों और कारोबारी संभावनाओं के साथ हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन के साथ ही प्रदर्शनी परिसर में अंतरराष्ट्रीय कारोबार और नवाचार की हलचल तेज हो गई है।

इस वर्ष सीआईआईई में 162 देशों, क्षेत्रों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों की भागीदारी है। कुल 4,142 विदेशी कंपनियां इसमें शामिल हो रही हैं। प्रदर्शनी का व्यावसायिक क्षेत्र पहली बार 3 लाख 70 हजार वर्ग मीटर से अधिक हो गया है। खास बात यह है कि कई कंपनियां अपने ऐसे उत्पाद भी पेश कर रही हैं, जिन्हें पहली बार चीन या अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रदर्शित किया जा रहा है।

प्रदर्शनी के पहले दिन तकनीक और नवाचार से जुड़े उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। चिकित्सा उपकरणों, सर्जिकल रोबोट, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, 6जी तकनीक और स्मार्ट औद्योगिक समाधानों से जुड़े नए प्रयोग देखने को मिल रहे हैं।

इसके अलावा खाद्य एवं कृषि उत्पादों, उपभोक्ता वस्तुओं, ऑटोमोबाइल और सेवा व्यापार से जुड़े अलग-अलग प्रदर्शनी क्षेत्र भी दर्शकों और कारोबारी प्रतिनिधियों का ध्यान खींच रहे हैं। विभिन्न देशों की कंपनियां यहां अपने उत्पादों की खूबियों के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं और तकनीकी उपलब्धियों को भी सामने रख रही हैं।

सीआईआईई में विभिन्न देशों के राष्ट्रीय पवेलियन भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र हैं। यहां देश अपनी सांस्कृतिक पहचान, प्रमुख उत्पादों, औद्योगिक उपलब्धियों और व्यापारिक अवसरों को प्रदर्शित कर रहे हैं। इस मंच के जरिए कंपनियों को नए बाजारों में पहुंच बनाने और संभावित कारोबारी साझेदारों से सीधे बातचीत करने का अवसर मिल रहा है।

प्रदर्शनी के पहले दिन कारोबारी समझौतों और सहयोग की संभावनाएं भी देखने को मिलीं। कजाकिस्तान की कंपनियों ने चीन के साथ लगभग 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर के व्यापारिक समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इससे पता चलता है कि सीआईआईई केवल उत्पादों के प्रदर्शन का मंच नहीं, बल्कि वास्तविक व्यापारिक साझेदारियों को आगे बढ़ाने का अवसर भी है।

भारत और चीन के व्यापारिक सम्बंधों के लिहाज से भी सीआईआईई महत्वपूर्ण है। भारतीय कंपनियों के लिए चीन का बड़ा उपभोक्ता बाजार कृषि और खाद्य उत्पादों, फार्मास्यूटिकल्स, वस्त्र, हस्तशिल्प और अन्य क्षेत्रों में संभावनाएं प्रस्तुत करता है। ऐसे आयोजन भारतीय उद्यमियों को अपने उत्पादों की पहचान बढ़ाने और नए कारोबारी संपर्क स्थापित करने का अवसर दे सकते हैं।

नौवें सीआईआईई का पहला दिन दिखाता है कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार में ऐसे आयोजनों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। यहां अलग-अलग देशों की कंपनियां अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ नए बाजारों, निवेश और तकनीकी सहयोग की संभावनाएं भी तलाश रही हैं।

5 से 10 नवंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी के आगामी दिनों में नए उत्पादों की लॉन्चिंग, कारोबारी समझौतों और तकनीकी नवाचारों पर दुनिया की नज़र रहेगी। शंघाई में शुरू हुआ यह आयोजन एक बार फिर वैश्विक बाजार में सहयोग और व्यापार के नए रास्ते तलाशने का अवसर लेकर आया है।

(साभार - चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

डीकेपी/