Aapka Rajasthan

शांगहाई में 48वीं विश्व कौशल प्रतियोगिता का समापन

बीजिंग, 28 सितंबर (आईएएनएस)। 48वीं विश्व कौशल प्रतियोगिता का 27 सितंबर की रात पूर्वी चीन के शांगहाई शहर में सफलतापूर्वक समापन हुआ। सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और सीपीसी शांगहाई नगर समिति के सचिव छन चिनिंग तथा राज्य पार्षद शन यिछिन समापन समारोह में उपस्थित रहे।
 

बीजिंग, 28 सितंबर (आईएएनएस)। 48वीं विश्व कौशल प्रतियोगिता का 27 सितंबर की रात पूर्वी चीन के शांगहाई शहर में सफलतापूर्वक समापन हुआ। सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और सीपीसी शांगहाई नगर समिति के सचिव छन चिनिंग तथा राज्य पार्षद शन यिछिन समापन समारोह में उपस्थित रहे।

समापन समारोह में 64 प्रतियोगिता स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले प्रतियोगियों के साथ-साथ उत्कृष्टता पुरस्कार हासिल करने वाले प्रतिभागियों और 68 प्रतिनिधिमंडलों के सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगियों के नामों की घोषणा की गई। रेल वाहन प्रौद्योगिकी श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करने वाली चीनी प्रतियोगी हे श्याओमान ने प्रतियोगिता में सबसे अधिक अंक हासिल किए और फ्रांसिस्को अल्बर्ट विडाल पुरस्कार अपने नाम किया।

बता दें कि फ्रांसिस्को अल्बर्ट विडाल को ‘विश्व कौशल का जनक’ माना जाता है। विश्व कौशल प्रतियोगिता और इसके अंतर्राष्ट्रीय संगठन की स्थापना में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

इस प्रतियोगिता में चीनी प्रतिनिधिमंडल ने सभी 64 स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। उसने 41 स्वर्ण, 11 रजत और 4 कांस्य पदक के साथ 6 उत्कृष्टता पुरस्कार जीते। इसके साथ ही चीन स्वर्ण पदक तालिका, कुल पदक तालिका और समग्र टीम स्कोर में पहले स्थान पर रहा। यह विश्व कौशल प्रतियोगिता के इतिहास में चीन का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है और देश ने अपने पिछले प्रदर्शन का नया रिकॉर्ड बनाया है।

समापन समारोह में नृत्य और गीत प्रस्तुतियों के अलावा सभी पदक विजेताओं, उत्कृष्टता पुरस्कार प्राप्त प्रतियोगियों और फ्रांसिस्को अल्बर्ट विडाल पुरस्कार विजेता को सम्मानित किया गया। इस दौरान वर्ल्ड स्किल्स इंटरनेशनल के ध्वज का हस्तांतरण भी किया गया। अब 49वीं विश्व कौशल प्रतियोगिता वर्ष 2028 में जापान के आइची प्रांत में आयोजित की जाएगी।

गौरतलब है कि ‘कौशल दुनिया को बदलते हैं, कौशल भविष्य को रोशन करते हैं’ विषय पर आधारित 48वीं विश्व कौशल प्रतियोगिता का आयोजन वर्ल्ड स्किल्स इंटरनेशनल, चीनी मानव संसाधन एवं सामाजिक सुरक्षा मंत्रालय और शांगहाई नगर जन सरकार ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता के साथ विश्व कौशल कांग्रेस और विश्व कौशल एक्सपो का भी आयोजन किया गया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/