Aapka Rajasthan

शामली में भैयादूज पर बहन के घर आए भाई की हत्या के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल

शामली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में भैयादूज के दिन बहन के घर टीका कराने आए 22 वर्षीय युवक अंकुश पाल की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में हत्या के दो आरोपी आकाश और रविकांत गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे और 6 कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
 
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर निवासी मदनपाल की बेटी मनीषा की शादी शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के कस्बा बनत निवासी अरुण के साथ हुई थी। भाई दूज के अवसर पर मनीषा का 22 वर्षीय भाई अंकुश पाल अपनी बहन के घर टीका कराने आया था।

आरोप है कि इसी दौरान मनीषा के पति अरुण और उसके परिवार के लोगों की शह पर उसके देवर आकाश, रविकांत और उनके अन्य साथियों ने अंकुश पर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप बहन के देवर और उसके साथियों पर लगाया था। परिजनों का आरोप था कि कुछ महीने पहले पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतक के जीजा अरुण और उसके पिता संजीव कुमार को घटना के अगले दिन गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

इसी क्रम में शुक्रवार देर रात करीब एक बजे आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाशों की पहचान आकाश और रविकांत के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उनके कब्जे से दो तमंचे और कई कारतूस बरामद हुए हैं।

शामली के एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि 11 नवंबर 2026 को मुजफ्फरनगर की नई मंडी का रहने वाला अंकुश अपनी बहन मनीषा के घर गया था, जहां उसके जीजा और उनके परिवार वालों ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में उसके जीजा अरुण और अरुण के पिता संजीव को पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। उसके जीजा के भाई आकाश और आकाश के दोस्त रविकांत के पैरों में गोली लगी, जिससे वे पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। उनके पास से दो देसी पिस्तौल और 6 कारतूस बरामद किए गए हैं।

--आईएएनएस

एसएके/एएस