शामली धर्मांतरण प्रकरणः आयुष ने पिता देवराज के आरोपों का दिया जवाब, लगाए गंभीर आरोप
शामली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जनपद शामली में दवा व्यवसायी देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक धर्मांतरण प्रकरण में एक नया मोड़ आ गया है। देवराज ने शामली पुलिस को तहरीर देते हुए इलाहाबाद कोर्ट में पेशी के बाद उसके बेटे आयुष मलिक के घर न पहुंचने पर दो लोगों पर अपहरण का मामला दर्ज करा दिया था। अब इस मामले पर आयुष मलिक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उसने पिता द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। इसके साथ ही अपने पिता पर शामली और आसपास के शहरों में दंगा भड़काने की कोशिश का आरोप लगाया है।
दरअसल, दयानंदनगर निवासी दवा व्यवसायी देवराज मलिक ने चांदनी कुरैशी नामक युवती और उसके परिजनों पर उनके बेटे को प्यार के जाल में फंसाकर जबरन धर्मांतरण करने का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने चांदनी, उसके पिता और एक अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कुछ दिन बाद आयुष मलिक ने वापस सनातन धर्म में वापसी कर ली थी और उनके द्वारा अपने घर में अपने माता-पिता के साथ पूजा पाठ करते हुए एक वीडियो भी सामने आया था।
हालांकि कुछ दिन बाद आयुष मलिक ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की, जिसमें उन्होंने कहा कि उनके पिता ने जबरन उनको घर में बंधक बना रखा है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने पूरे मामले पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया था कि आयुष मलिक बालिग है और उसे स्वतंत्रता की आजादी है, वह कहीं भी आ जा सकता है, रह सकता है और किसी भी धर्म को अपना सकता है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद से आयुष मलिक वापस अपने घर नहीं लौटा, जिसके बाद आयुष मलिक के पिता देवराज मलिक ने सुल्तान कारी और मुफ्ती अब्दुल्लाह दारुल उलूम देवबंद के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया, जिसमें उन्होंने कहा कि सुलतानकारी ने उनके बेटे आयुष का पुनः धर्म परिवर्तन कर दिया है। सुल्तान कारी के साथ मुफ्ती अब्दुल्ला दारुल उलूम देवबंद भी इस पूरे षडयंत्र में उनके साथ शामिल हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी।
वहीं, देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक ने अपने पिता के आरोपों का खंडन किया है और अपना एक 1 मिनट 15 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है। वीडियो में उसने कहा है कि 5 से 6 दिन पहले की बात है मां से बात की थी कि विवाद कहां से आ गया? जिस तरह की बात बाबूजी उठा रहे हैं, यह तो शामली और अलग-अलग शहरों में भी दंगे करवाने की बात है। मैं ठीक, खुश हूं। प्रॉपर्टी कल भी उनकी थी आज भी उनकी है, इस बात से वो बिल्कुल बेफिक्र रहें।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम
