शाहजहांपुर में नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत पांच गिरफ्तार
शाहजहांपुर, 13 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में नकली नोट छापकर बाजार में खपाने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल और सदर बाजार थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 1 हजार 500 रुपए के फर्जी नोट, 37 हजार 500 रुपए की असली करेंसी, एक प्रिंटर, सफेद कागज, कैंची और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को संयुक्त पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और अपराधियों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोपहर करीब 2:37 बजे एनसीसी तिराहे के पास पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरेली के नवाबगंज निवासी मोहम्मद आकिल, उसकी पत्नी रीना, तथा हरदोई जिले के पिहानी निवासी सुहेल, इमरान और आशुतोष के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी मोहम्मद आकिल ने बताया कि उसकी मुलाकात पिहानी निवासी मुकर्रम उर्फ ठाकुर के जरिए इमरान से हुई थी। इमरान ने 35 हजार रुपए के बदले 50 हजार रुपए के नकली नोट देने का सौदा किया था।
आरोप है कि 2 नवंबर को दिल्ली के सीलमपुर मेट्रो स्टेशन के पास आकिल ने इमरान को 35 हजार रुपए दिए और बदले में नोटों की एक गड्डी प्राप्त की। बाद में होटल में जांच करने पर उन नोटों पर 'मनोरंजन बैंक' लिखा मिला। इसके बाद इमरान ने उसे पिहानी बुलाकर नकली नोट छापने की व्यवस्था होने की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, नकली नोट तैयार करने के लिए प्रिंटर और विशेष कागज का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस काम में एक फोटोग्राफर समेत अन्य लोगों को भी शामिल किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, आकिल ने अपनी पत्नी रीना को भी इस अवैध काम में शामिल कर लिया था। आरोप है कि रीना बाजार में कम मात्रा में नकली नोट चलाती थी ताकि किसी को संदेह न हो। गिरोह के सदस्य बरेली, शाहजहांपुर और आसपास के क्षेत्रों में नकली करेंसी खपाने का काम कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रिंटर और नकली नोट लेकर बरेली के नवाबगंज जाने की तैयारी में थे, तभी उन्हें एनसीसी तिराहे के पास दबोच लिया गया।
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर बाजार में मुकदमा अपराध संख्या 639/2026 के तहत बीएनएस की धारा 178, 179, 180, 181, 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 112 में मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
