Aapka Rajasthan

दिल्ली: शाहदरा में स्मैक के साथ ड्रग पेडलर गिरफ्तार, स्नैचिंग और वाहन चोरी के मामले का खुलासा

नई दिल्ली, 5 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के शाहदरा जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 282 ग्राम स्मैक के साथ एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आरोपी की पहचान रॉकी उर्फ प्रदीप के रूप में हुई है। वह नंद नगरी का रहने वाला है और उसकी उम्र 25 वर्ष है। आरोपी के खिलाफ पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें सभी एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले बताए गए हैं।
 
डीसीपी ने बताया कि यह कार्रवाई शाहदरा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम ने की। आरोपी के कब्जे से बरामद स्मैक की मात्रा वाणिज्यिक श्रेणी में आती है। जिस स्कूटी से आरोपी मौके पर पहुंचा था, उसे भी चाबी सहित जब्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि 2 सितंबर को शाहदरा एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि 'रॉकी' नाम का एक ड्रग पेडलर सीमापुरी के डियर पार्क इलाके में नशीले पदार्थ की सप्लाई करने के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और ट्रैप लगाया। कुछ समय बाद एक संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा। कानूनी प्रक्रिया के तहत उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 282 ग्राम स्मैक बरामद होने का दावा किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास मौजूद स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया।

डीसीपी ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली और एनसीआर में नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी पेशेवर तौर पर नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में आरोपी के पहले से चार आपराधिक मामलों में शामिल होने की जानकारी सामने आई। इनमें दो मामले नंद नगरी थाने और दो मामले क्राइम ब्रांच से जुड़े हैं और सभी मामले वाणिज्यिक मात्रा में एनडीपीएस से संबंधित बताए गए हैं।

डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि शाहदरा जिले में ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड के तहत भी पुलिस को सफलता मिली है। अभियान के दौरान दो कथित स्नैचर-कम-ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया गया। इनकी गिरफ्तारी से स्नैचिंग के दो और वाहन चोरी के छह मामलों को सुलझाने में मदद मिली है। आरोपियों के कब्जे या उनकी निशानदेही पर चोरी के चार दोपहिया वाहन भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई का उद्देश्य इलाके में सड़क पर होने वाले अपराध और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना बताया गया है।

--आईएएनएस

पीएसके