Aapka Rajasthan

नई दिल्ली : शादी के लिए 11 साल का अपहृत बच्चा सकुशल बरामद, आरोपी भी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 5 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर-पश्चिम जिला दिल्ली पुलिस की जहांगीरपुरी थाना पुलिस ने एक 11 वर्षीय अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए कथित अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लंबी जांच और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी से दिल्ली के आजादपुर फ्लाईओवर तक पीछा करने के बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
 

नई दिल्ली, 5 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर-पश्चिम जिला दिल्ली पुलिस की जहांगीरपुरी थाना पुलिस ने एक 11 वर्षीय अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए कथित अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लंबी जांच और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी से दिल्ली के आजादपुर फ्लाईओवर तक पीछा करने के बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को जहांगीरपुरी थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि एक 11 वर्षीय बच्चा स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसी दौरान बच्चे की मां को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉलर ने बताया कि बच्चा उसके पास है और अपनी पहचान धर्मपाल के रूप में बताई, जो पहले से परिवार के परिचितों में शामिल था।

शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर जहांगीरपुरी थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी धर्मपाल पीड़ित की बहन से शादी करना चाहता था और उसके साथ रहना चाहता था। हालांकि, युवती किसी भी तरह का संबंध रखने के लिए तैयार नहीं थी। पुलिस के मुताबिक, इसी कारण आरोपी ने कथित तौर पर युवती के छोटे भाई का अपहरण कर लिया और फोन के जरिए परिवार को धमकियां देने लगा।

आरोप है कि धर्मपाल ने परिवार से कहा कि युवती को उसके पास भेजा जाए, अन्यथा वह बच्चे की हत्या कर देगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एएसआई अशोक कुमार और एएसआई सूरज भान की टीम को बच्चे की तलाश की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस टीम ने तकनीकी और जमीनी स्तर पर लगातार जांच करते हुए आरोपी और बच्चे की गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।

लगातार प्रयासों के बाद 4 सितंबर को पुलिस ने लोनी से लेकर दिल्ली तक पीछा किया और आजादपुर फ्लाईओवर के पास बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस दौरान आरोपी धर्मपाल पुत्र तुराम सिंह, निवासी ग्राम तुमरिया, जिला कासगंज, उत्तर प्रदेश, उम्र 26 वर्ष, को भी पकड़ लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी की आशंका होते ही आरोपी ने खुद को बचाने के लिए जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए दिल्ली के बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि बच्चे की सुरक्षित बरामदगी जहांगीरपुरी थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सतत प्रयासों और प्रभावी जांच का परिणाम है। यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी (एसएचओ) और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) जहांगीरपुरी के निकट पर्यवेक्षण में की गई।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम