Aapka Rajasthan

'सेवा, सुशासन, सुरक्षा और विश्वास के पुनर्जागरण की गौरवगाथा', सीएम योगी-धामी ने मोदी सरकार के 12 साल को सराहा

लखनऊ, 8 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों को गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास के पुनर्जागरण का स्वर्णिम काल बताया।
 
'सेवा, सुशासन, सुरक्षा और विश्वास के पुनर्जागरण की गौरवगाथा', सीएम योगी-धामी ने मोदी सरकार के 12 साल को सराहा

लखनऊ, 8 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों को गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास के पुनर्जागरण का स्वर्णिम काल बताया।

उन्होंने कहा कि जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हुए 'अंत्योदय से विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने का मार्ग प्रशस्त किया है। सीएम योगी ने कहा कि यह 12 वर्षों की यात्रा केवल योजनाओं के क्रियान्वयन की नहीं, बल्कि उन करोड़ों परिवारों के सशक्तिकरण की कहानी है, जिन्हें पहली बार शासन की संवेदनशीलता और विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिला।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब-कल्याण के 12 वर्ष भारत के करोड़ों वंचित परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और विश्वास के पुनर्जागरण की गौरवगाथा हैं। अंत्योदय को समर्पित इन युगांतरकारी वर्षों में गरीब-कल्याण केवल शासन की प्राथमिकता नहीं, बल्कि उसका संस्कार बना। जन धन योजना ने बैंकिंग सेवाओं के द्वार खोले, उज्ज्वला योजना ने मातृशक्ति को धुएं से मुक्ति दिलाई, स्वच्छ भारत मिशन ने गरिमा का संरक्षण किया, जल जीवन मिशन ने घर-घर तक जीवनधारा पहुंचाई और प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों परिवारों को पक्की छत का विश्वास दिया। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण ने पारदर्शिता को सशक्त किया, आयुष्मान भारत ने स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच प्रदान किया और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में नया आत्मविश्वास जगाया।''

उन्होंने आगे लिखा कि 'विकसित भारत' की आधारशिला को मजबूत करती यह 12 वर्षों की यात्रा केवल योजनाओं की नहीं, बल्कि उन घरों की यात्रा है, जहां पहली बार सुविधाएं पहुंचीं, उन परिवारों की यात्रा है, जिन्हें पहली बार लगा कि सरकार उनके द्वार तक पहुंची है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और वंचित के जीवन में आशा, अवसर और आत्मविश्वास का नया अध्याय लिखते इन ऐतिहासिक 12 वर्षों के लिए प्रधानमंत्री का हार्दिक आभार।

वहीं, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर देश में विकास की एक नई धारा प्रवाहित हुई है। अंत्योदय के मंत्र के साथ करोड़ों गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। जनधन खाते, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन और पीएम आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास देने का कार्य किया है। गरीब कल्याण और जनभागीदारी के इस संकल्प के साथ आज देश "विकसित भारत" के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। हमारी डबल इंजन सरकार उत्तराखंड में भी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।''

--आईएएनएस

विकेटी/एसके