Aapka Rajasthan

सेवा की कोई सीमा नहीं होती, त्रासदी में सिख समुदाय नेपाल के साथ खड़ा: सुखबीर सिंह बादल

चंडीगढ़, 1 सितंबर (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में नेपाल के लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की पहल की सराहना की है।
 

चंडीगढ़, 1 सितंबर (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में नेपाल के लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की पहल की सराहना की है।

सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "सेवा की कोई सीमा नहीं होती। नेपाल में आई इस त्रासदी के समय वहां के लोगों तक मदद पहुंचाने में पहल करने के लिए मैं एसजीपीसी (शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी) का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। सरबत दा भला (सबका कल्याण) सिख मूल्यों का मूल आधार है।"

उन्होंने आगे लिखा, "नेपाल के अधिकारियों से संपर्क करने, प्रभावित लोगों की जरूरतों का पता लगाने और मदद पहुंचाने के एसजीपीसी के प्रयास, सिख सेवा और करुणा की शाश्वत भावना को दर्शाते हैं। मेरी गहरी संवेदनाएं नेपाल के लोगों और उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने किसी प्रियजन को खो दिया है। सिख समुदाय नेपाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और इस मुश्किल घड़ी में हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।"

बता दें कि एसजीपीसी ने नेपाल में आई आपदा के बाद राहत कार्यों की शुरुआत की है। एसजीपीसी के अधिकारियों ने नेपाल के स्थानीय प्रशासन से संपर्क साधा है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतों का आकलन कर त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके। इसमें लंगर सेवा, दवाइयां और अन्य जरूरी राहत सामग्रियां शामिल हैं।

सिख समुदाय का सेवा भाव हमेशा से ही विश्वभर में मिसाल रहा है। चाहे वह भारत में आई बाढ़ हो, भूकंप हो या विदेशों में कोई आपदा, एसजीपीसी और सिख संगत हमेशा सबसे आगे रहकर मदद करती आई है। सरबत दा भला के सिद्धांत पर चलते हुए सिख समुदाय बिना किसी भेदभाव के मानवता की सेवा करता है।

नेपाल में हाल ही में आई त्रासदी ने बड़े पैमाने पर जनधन की हानि पहुंचाई है। कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, जबकि सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं। ऐसे समय में एसजीपीसी के कार्य सराहनीय हैं।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी