Aapka Rajasthan

सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने लैंड वॉर और युद्ध के आधुनिकीकरण पर की चर्चा

नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने चेक गणराज्य के सशस्त्र बलों के मुख्यालय का दौरा किया है। इस यात्रा के दौरान जनरल धीरज सेठ ने चेक सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रथम उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पेट्र चेपेल्का से मुलाकात की।
 

नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने चेक गणराज्य के सशस्त्र बलों के मुख्यालय का दौरा किया है। इस यात्रा के दौरान जनरल धीरज सेठ ने चेक सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रथम उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पेट्र चेपेल्का से मुलाकात की।

दोनों सैन्य अधिकारियों के बीच बदलते वैश्विक सुरक्षा हालात पर वार्ता हुई। यहां भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने तथा दोनों देशों की सेनाओं के बीच पेशेवर सैन्य आदान-प्रदान को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

जनरल धीरज सेठ को चेक सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने 'होराइजन 2035: थल युद्ध का आधुनिकीकरण और भविष्य की तैयारियां' विषय पर विस्तृत जानकारी दी। इसमें भविष्य के युद्धों की बदलती प्रकृति, नई तकनीकों के इस्तेमाल, सैन्य क्षमताओं में बदलाव और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए सेना की तैयारियों से जुड़े अहम पहलुओं पर प्रकाश डाला गया।

सेना प्रमुख ने यहां पहुंचकर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। चेक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पर गए जनरल धीरज सेठ ने प्राग स्थित चेक सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ मुख्यालय में पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद सैनिकों को नमन किया।

भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ रविवार को चेक गणराज्य के लिए रवाना हुए थे। वह 16 नवंबर से चेक गणराज्य के आधिकारिक दौरे पर हैं। यह आधिकारिक यात्रा 19 नवंबर को पूरी हो रही है। इस चार दिवसीय यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करना, दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी तालमेल बढ़ाना और रक्षा तकनीक एवं उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाएं तलाशना है। यहां भारत और चेक गणराज्य के बीच रक्षा सहयोग को विस्तार देने पर चर्चा हुई है।

इसके अंतर्गत सैन्य शिक्षा, ट्रेनिंग और रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु खतरों से निपटने की क्षमता पर भी वार्ता हुई। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने चेक गणराज्य की अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान वहां के प्रमुख रक्षा संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यह बातचीत की। इन बैठकों में दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाने, अधिकारियों के पेशेवर आदान-प्रदान और रक्षा क्षेत्र में प्रशिक्षण के नए अवसर तलाशने पर जोर दिया गया।

जनरल धीरज सेठ ने ब्रनो स्थित डिफेंस यूनिवर्सिटी के रेक्टर-कमांडर ब्रिगेडियर जनरल जान फारलिक से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने रक्षा शिक्षा और सैन्य प्रशिक्षण के क्षेत्र में आपसी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। वहीं, इस बीच भारतीय सेना की मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा ने हिमाचल सेक्टर के अग्रिम इलाकों का दौरा कर हिमालयी सीमा पर सेना की तैयारियों और युद्धक क्षमता का जायजा लिया।

उन्होंने कठिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तैनात जवानों से बातचीत की और उनके समर्पण व पेशेवर दक्षता की सराहना की। साथ ही, उन्होंने हर समय उच्च स्तर की परिचालन तैयारी बनाए रखने पर जोर दिया।

--आईएएनएस

जीसीबी/एसके