Aapka Rajasthan

'सेमीकॉन 2026' में 10 अरब डॉलर के निवेश का अनुमान, कंपनियों में दिख रहा उत्साह

नई दिल्ली, 19 सितंबर (आईएएनएस)। 'सेमीकॉन 2026' में सेमीकंडक्टर क्षेत्र को लेकर कंपनियों के बीच बढ़ती रूचि और निवेश को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। लिंडे इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर मिलंद साधुखान ने कहा कि सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के विकास के लिए देश में माहौल तेजी से तैयार हो रहा है।
 

नई दिल्ली, 19 सितंबर (आईएएनएस)। 'सेमीकॉन 2026' में सेमीकंडक्टर क्षेत्र को लेकर कंपनियों के बीच बढ़ती रूचि और निवेश को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। लिंडे इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर मिलंद साधुखान ने कहा कि सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के विकास के लिए देश में माहौल तेजी से तैयार हो रहा है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान करीब 10 अरब डॉलर के निवेश और कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) से जुड़े प्रयास सामने आए हैं।

मिलंद साधुखान ने कहा कि 'सेमीकॉन 2026' को लेकर कंपनियों में काफी उत्साह है। उद्योग जगत में निवेश और परियोजनाओं को लेकर गति दिखाई दे रही है। उनकी कंपनी वैश्विक स्तर पर सेमीकंडक्टर क्षेत्र के प्रमुख प्लेयर्स के संपर्क में है। बड़ी कंपनियों के साथ-साथ कई नए और उभरते प्लेयर भी सामने आ रहे हैं, जो पैकेजिंग, टेस्टिंग और असेंबली से जुड़ी सुविधाएं स्थापित करने की तैयारी में हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से दिए जा रहे प्रोत्साहन और कई राज्यों की ओर से इन प्रोत्साहनों के अनुरूप सहयोग देने की इच्छा से सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश के लिए सकारात्मक माहौल बन रहा है। केंद्र द्वारा स्वीकृत परियोजनाओं को राज्यों की ओर से सुविधाएं उपलब्ध कराने में दिखाई जा रही रूचि आने वाले समय में इस क्षेत्र की विकास यात्रा को और गति दे सकती है।

ओडिशा में कटक और भुवनेश्वर के बीच करीब 178 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित नए औद्योगिक और सेमीकंडक्टर केंद्र को लेकर भी साधुखान ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि परियोजना से जुड़े शुरुआती चरण में ही निवेश और कई एमओयू सामने आए हैं। उन्होंने ओडिशा के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर राज्य में सेमीकंडक्टर और औद्योगिक विकास को लेकर चर्चा की है। उन्होंने बताया कि लिंडे इंडिया ओडिशा में औद्योगिक गैस की प्रमुख आपूर्तिकर्ता कंपनियों में शामिल है और कंपनी राज्य में हो रहे नए विकास को लेकर सक्रिय रूप से जुड़ना चाहती है।

उन्होंने कहा कि ओडिशा सरकार निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। सरकार की ओर से जमीन और आवश्यक बुनियादी ढांचे को लेकर सहयोग मिल रहा है, जिससे उद्योगों के लिए परियोजनाएं स्थापित करना आसान हो सकता है। कंपनी ने गोपालपुर में एक और जमीन सुरक्षित की है और कटक से जुड़े अवसरों पर भी चर्चा जारी है। कंपनी ओडिशा को लेकर सकारात्मक है और राज्य में सेमीकंडक्टर तथा औद्योगिक गैस से जुड़े विकास में सहयोग की संभावनाएं तलाश रही है। केंद्र और राज्य सरकारों के प्रोत्साहन, नए निवेश और उद्योगों की बढ़ती भागीदारी के चलते भारत में सेमीकंडक्टर क्षेत्र की विकास प्रक्रिया आने वाले समय में और तेज हो सकती है।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम