Aapka Rajasthan

सीट शेयरिंग पर भाजपा का तंज, सपा ने कांग्रेस को उसकी जमीनी ताकत का अहसास करा दिया

अहमदाबाद, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी-कांग्रेस सीट शेयरिंग पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को उसकी धरातल की हकीकत बता दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि वह अपने गठबंधन के साथियों का भविष्य खराब कर देती है, बिहार में भी यही हुआ।
 

अहमदाबाद, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी-कांग्रेस सीट शेयरिंग पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को उसकी धरातल की हकीकत बता दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि वह अपने गठबंधन के साथियों का भविष्य खराब कर देती है, बिहार में भी यही हुआ।

सपा-कांग्रेस गठबंधन की सीट शेयरिंग को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने कहा, कहावत है 'नमक स्वादानुसार और अरमान औकात अनुसार।' तो शायद यही कहावत आज समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को बोल दी है कि आपके धरातल की क्या हकीकत है, उसके हिसाब से हम सीट देंगे। कांग्रेस का रिकॉर्ड रहा है कि उसने हमेशा गठबंधन साथियों का भविष्य खराब किया है। बिहार देखिए, किस प्रकार से तेजस्वी यादव को 80-70 सीटें दी गईं और जीत के बाद 6 सीटें आईं। ये लोग दो-तीन बस भरकर टिकट मांगते हैं और ऑटो भरकर विधायक देते हैं। यही कांग्रेस का इतिहास है।

उन्होंने कहा कि यह सब चीजें लोग समझ चुके हैं। इसलिए अखिलेश यादव ने कांग्रेस को एक बार 'चालू पार्टी' भी कहा था तो पूरा देश देख रहा है कि इस प्रकार से कांग्रेस पार्टी दूसरे साथी दलों को खत्म करके इंडी गठबंधन के नाम पर कहीं न कहीं अपना वर्चस्व जमाने की विकृत राजनीति कर रही है। इसी का यह सबूत है।

पंजाब चुनाव में भाजपा और अकाली दल गठबंधन को लेकर राष्ट्रीय सचिव रोहन गुप्ता ने कहा कि बड़ी खुशी की बात है कि एनडीए का पहला दल, अकाली दल वापस एनडीए में लौटा है और जिस प्रकार से पंजाब की जनता की अपेक्षाएं हैं कि नशा-मुक्त पंजाब बनना चाहिए, उस दिशा में यह एक मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत वहां सरकार बनने वाली है और पंजाब की जनता की अपेक्षाएं पूरी होंगी। पंजाब एक बॉर्डर स्टेट है। जिस प्रकार पश्चिम बंगाल की जनता ने आप पर भरोसा जताया है, वैसे ही पंजाब भी भरोसा जताएगा। नशा-मुक्त पंजाब बनाने की दिशा में सरकार बनते ही एक मजबूत शुरुआत हो जाएगी।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग को लेकर मतभेद की अटकलों को लेकर उन्होंने कहा कि जिस गठबंधन को जनता के सामने आकर अपना डिस्कशन करना पड़े, मैं उसे 'ठगबंधन' कहूंगा। गठबंधन का मतलब ही क्या है?

उन्होंने कहा कि यह तो कांग्रेस की साजिश लगती है। मुझे लगता है कि जो गठबंधन दोनों दलों के बीच होने वाला है, उसमें कहीं न कहीं दोनों तरफ से अत्यधिक राजनीतिक व्यवहार दिखाई दे रहा है। बहुत मुश्किल होगा। इसलिए इस प्रकार के ठगबंधन पर जनता कभी भरोसा नहीं करती। यह अवसरवादी ठगबंधन होता है। जैसे ही चुनाव हारेंगे, एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़ना शुरू कर देंगे।

--आईएएनएस

केके/वीसी