सीजन के पहले मैच में जीत का लंबे समय से इंतजार था: हार्दिक पंड्या
मुंबई, 29 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस (एमआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया है। इस टीम ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के विरुद्ध 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। मुंबई इंडियंस ने पिछली बार साल 2012 में किसी आईपीएल सीजन का अपना पहला मैच जीता था। कप्तान पंड्या ने बताया कि टीम को सीजन के अपने पहले मैच में जीत का लंबे समय से इंतजार था।
हार्दिक पंड्या ने कहा, "स्पष्ट रूप से, सीजन के पहले मैच में जीत हासिल करने के लिए हमें लंबे समय से इंतजार था। हर बार हम सीजन की शुरुआत शानदार तरीके से करना चाहते हैं। पूरी टीम बहुत खुश है कि हम ऐसा कर पाए।"
रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स ने 4 विकेट खोकर 220 रन बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवरों में 6 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया।
विशाल लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने पर पंड्या ने कहा, "आधुनिक क्रिकेट में यह संभव है। हमने देखा है कि यह पिच कैसी खेल रही है। गेंदबाजों को श्रेय जाता है कि उन्होंने केकेआर को 240-250 तक नहीं जाने दिया। ऐसे लक्ष्य मुश्किल हो जाते हैं, लेकिन 220 का स्कोर हमेशा चेज किया जा सकता है। रोहित और रयान रिकेल्टन शानदार रहे। रयान ने पिछले साल हमारे लिए बहुत अच्छा किया था।"
दूसरी ओर, कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मैच गंवाने के बाद कहा, "मुझे लगा कि 220-225 का स्कोर एक अच्छा टोटल था। हमने सच में बहुत अच्छी बैटिंग की, लेकिन हमारा गेंदबाजी आक्रमण अनुभवहीन था। मुंबई इंडियंस जैसी मजबूत बैटिंग लाइनअप वाली टीम के खिलाफ खेलना, हमारे लिए सीखने का एक बहुत बड़ा मौका है। वैभव, कार्तिक और मुजरबानी के अलावा, जो आईपीएल के माहौल के आदी नहीं हैं, हमारे पास दो अनुभवी स्पिनर थे, लेकिन मुझे लगा कि मुंबई इंडियंस ने बहुत अच्छी बैटिंग की। इसलिए हमारे बॉलर्स निश्चित रूप से इससे सीखेंगे।"
केकेआर की गेंदबाजी को लेकर रहाणे ने कहा, "मुझे लगता है कि जब ग्रीन जल्द ही बॉलिंग शुरू करेंगे, तो टीम का कॉम्बिनेशन थोड़ा अलग हो जाएगा। अभी हमें टीम का संतुलन देखना होगा, ऐसे खिलाड़ी जो हमारे लिए अच्छी बॉलिंग कर सकें। हमने सच में बहुत अच्छी बैटिंग की, लेकिन बॉलिंग के साथ सही संतुलन बनाना बहुत जरूरी है।"
रहाणे ने बताया कि उन्हें मैच के दौरान पैरों में काफी ऐंठन हुई, लेकिन उम्मीद है कि वे जल्द ठीक हो जाएंगे। मुंबई की उमस भरी परिस्थितियों में खेलना काफी कठिन रहा।
--आईएएनएस
आरएसजी
