स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला मास्टरमाइंड पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार, अमृतसर पुलिस को मिली सफलता
अमृतसर, 21 मई (आईएएनएस)। कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने अंतरराज्यीय बम धमकी देने वाले एक बड़े साइबर गैंग का पर्दाफाश करते हुए पश्चिम बंगाल से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी देश के कई राज्यों में स्कूलों और अन्य संवेदनशील संस्थानों को बम धमकी वाले ईमेल भेजने में शामिल था।
पुलिस ने बताया कि इन धमकी भरे ईमेल का मकसद लोगों में डर फैलाना और सार्वजनिक शांति व राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित करना था। आरोपी साइबर अपराधियों को गुमनाम डिजिटल टूल और ईमेल अकाउंट उपलब्ध कराता था, जिनका इस्तेमाल धमकी भरे ईमेल भेजने के लिए किया जाता था।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना अमृतसर में अलग-अलग तारीखों पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कई केस दर्ज किए गए थे।
पुलिस के मुताबिक, डिजिटल ट्रेल और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी को पश्चिम बंगाल में ट्रैक किया गया। जांच में पता चला कि आरोपी को गुजरात पुलिस ने भी इसी तरह के एक मामले में नामजद किया है।
तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए ईमेल अकाउंट्स से अमृतसर समेत देश के कई हिस्सों में धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी फेसबुक ग्रुप्स के जरिए ईमेल अकाउंट खरीदने और बेचने का काम करता था। उसने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अनजान लोगों से करीब 300 ईमेल अकाउंट खरीदे थे। बाद में इनमें से 219 ईमेल अकाउंट व्हाट्सऐप के जरिए बांग्लादेश में रहने वाले एक व्यक्ति को बेच दिए गए।
पुलिस ने बताया कि इन अकाउंट्स की खरीद-फरोख्त यूएसडीईटी क्रिप्टोकरेंसी के जरिए की गई थी। आगे की जांच में पता चला कि ये ईमेल अकाउंट बाद में पाकिस्तान में बैठे लोगों तक पहुंचाए गए, जिन्होंने कथित तौर पर इनका इस्तेमाल बम धमकी वाले ईमेल और अन्य गैरकानूनी साइबर गतिविधियों के लिए किया।
बांग्लादेश कनेक्शन को लेकर संबंधित एजेंसियां भी जांच कर रही हैं।
पुलिस ने आरोपी के पास से 3 सीपीयू, 5 कंप्यूटर हार्ड डिस्क, 3 मोबाइल फोन, एक इंटरनेट राउटर, पासवर्ड और रिकवरी डिटेल्स सहित 300 से ज्यादा ईमेल आईडी और 15 हॉटमेल अकाउंट बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सौरव बिस्वास उर्फ माइकल (30) के रूप में हुई है। वह 12वीं तक पढ़ा है और पेशे से ग्राफिक डिजाइनर बताया गया है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
