Aapka Rajasthan

एसबीआई में बैंक मेडिकल ऑफिसर के 35 पदों पर नौकरी का अवसर, 14 जुलाई तक करें आवेदन

नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने रेगुलर आधार पर बैंक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ-II) के कुल 35 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके देश के नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
 
एसबीआई में बैंक मेडिकल ऑफिसर के 35 पदों पर नौकरी का अवसर, 14 जुलाई तक करें आवेदन

नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने रेगुलर आधार पर बैंक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ-II) के कुल 35 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके देश के नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

एसबीआई की ओर से बीएमओ पोस्ट के लिए जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 24 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एसबीआई के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी)/स्टेट मेडिकल काउंसिल से मान्यता प्राप्त किसी भी यूनिवर्सिटी/कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास 3 से 5 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है। वहीं, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा या एमडी/एमएस की पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या इसके बराबर की डिग्री वाले कैंडिडेट्स को प्राथमिकता दी जाएगी।

आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 31 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा (सीबीटी), शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, स्थानीय भाषा में दक्षता परीक्षा (एलएलपीटी), अंतिम परिणाम और प्रतीक्षा सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 64,820 से 93,960 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 750 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम