सत्य की जीत पर युवा क्रांति सेना ने किया 'बुद्धि शुद्धि यज्ञ', बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने पर जताई खुशी
नोएडा, 3 अगस्त (आईएएनएस)। न्यायालय द्वारा भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को संबंधित प्रकरण में बरी किए जाने के बाद नोएडा में युवा क्रांति सेना की ओर से सेक्टर-31 स्थित श्रीशनि मंदिर, निठारी में "बुद्धि शुद्धि यज्ञ एवं सद्बुद्धि प्रार्थना सभा" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर यज्ञ में आहुति दी और न्यायालय के निर्णय का स्वागत किया।
युवा क्रांति सेना के मुताबिक, यह आयोजन सत्य, न्याय और सामाजिक सद्भाव के संदेश को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भगवान शनिदेव की पूजा-अर्चना कर समाज में सत्य और न्याय की स्थापना की कामना की।
संगठन के सदस्यों ने कहा कि न्यायालय के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए और समाज में बिना तथ्यों के किसी भी व्यक्ति की छवि खराब करने से बचना चाहिए।
इस अवसर पर युवा क्रांति सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कहा कि न्यायालय के निर्णय ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सत्य को अधिक समय तक दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि यह "बुद्धि शुद्धि यज्ञ" किसी व्यक्ति विशेष के प्रति दुर्भावना या वैमनस्य का प्रतीक नहीं है, बल्कि उन लोगों के लिए सद्बुद्धि की प्रार्थना है, जिन्होंने संगठन के अनुसार राजनीतिक लाभ या अन्य कारणों से झूठे आरोप लगाकर और अफवाहें फैलाकर एक सम्मानित व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि भगवान शनिदेव से प्रार्थना है कि सभी लोग सत्य का मार्ग अपनाएं और न्यायपालिका के निर्णयों का सम्मान करें। कार्यक्रम में युवा क्रांति सेना के संस्थापक सदस्य राजेश अम्बवता ने कहा कि किसी भी व्यक्ति पर बिना पर्याप्त प्रमाण के आरोप लगाना और मीडिया के माध्यम से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि न्यायालय के इस निर्णय से देश की न्याय व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा तथा समाज को यह संदेश मिलेगा कि किसी भी मामले में तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही निष्कर्ष निकाला जाना चाहिए। यज्ञ के समापन पर संगठन के सदस्यों ने समाज में सौहार्द, सत्य और न्याय की स्थापना के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
इस दौरान युवा क्रांति सेना के चेयरमैन लोकेश चौहान सहित अर्जुन प्रजापति, दुर्गा प्रसाद दुबे, प्रशांत यादव, रवि प्रजापति, तरुण कुमार, जीता भट्ट और पूरण पाल समेत कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच
