सार्वजनिक मंच पर महिला का अपमान गलत, कैलाश विजयवर्गीय माफी मांगें: सुप्रिया श्रीनेत
नई दिल्ली, 21 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की महिला पार्षद संध्या यादव को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे महिला की बॉडी शेमिंग बताते हुए विजयवर्गीय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। वहीं, उन्होंने इंदौर में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम, बाबा रामदेव के जातीय विभाजन संबंधी बयान, उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने के ओम प्रकाश राजभर के दावे और असदुद्दीन ओवैसी के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी।
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि एक वरिष्ठ नेता द्वारा सार्वजनिक मंच पर किसी महिला नेत्री की शारीरिक बनावट को लेकर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि क्या इसे सामान्य मजाक माना जा सकता है। श्रीनेत ने इसे भद्दी टिप्पणी बताते हुए कहा कि विजयवर्गीय को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाले राजनीतिक दलों और नेताओं को सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के प्रति भाषा और व्यवहार को लेकर भी संवेदनशीलता बरतनी चाहिए।
राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा पहुंचे और छात्रों ने मंच से अपनी समस्याएं और विचार रखे। भाजपा इस कार्यक्रम को लेकर परेशान है। श्रीनेत ने भाजपा पर राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर फर्जी आक्रोश दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा छात्रों की आवाज उठाए जाने से राजनीतिक बहस तेज हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर भी तीखी राजनीतिक टिप्पणी की और आरोप लगाया कि भाजपा राहुल गांधी के कार्यक्रम में हुई मिमिक्री के मुद्दे को ज्यादा महत्व दे रही है।
देश में विभिन्न जातियों के बीच बढ़ती खाई और संभावित सामाजिक टकराव को लेकर बाबा रामदेव के बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में श्रीनेत ने कहा कि इस विषय पर बाबा रामदेव ही ज्यादा बता सकते हैं।
उत्तर प्रदेश के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के यूपी को चार हिस्सों में बांटने के बयान पर श्रीनेत ने सवाल उठाया कि राजभर यह बात किस हैसियत से कह रहे हैं। इस विषय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या सरकार उत्तर प्रदेश के विभाजन की दिशा में कोई कदम उठाने जा रही है।
असदुद्दीन ओवैसी के हालिया बयान पर श्रीनेत ने कहा कि उन्हें इससे कोई विशेष आश्चर्य नहीं हुआ। ओवैसी कई बार उन मुद्दों को उठाते हैं, जिनसे भाजपा को राजनीतिक रूप से लाभ मिल सकता है।
--आईएएनएस
पीएसके
