सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका: सीनियर मैनेजर समेत 15 पदों पर आवेदन शुरू, जानें योग्यता और सैलरी
नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने सेंट्रल पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग्स/एसपीवी/मेट्रो रेलवे/रेलवे मंत्रालय/सरकारी विभागों में काम कर रहे रेगुलर/कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर नियुक्त अधिकारियों/मैनेजरों से विभिन्न 15 पदों के लिए 'एब्जॉर्प्शन बेसिस' (स्थायी नियुक्ति) पर अलग-अलग आधिकारिक अधिसूचना जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एनएचएसआरसीएल की ओर से जारी 15 रिक्तियों में डिप्टी जनरल मैनेजर (डीजीएम - आईटी) का 1, डिप्टी जनरल मैनेजर (डीजीएम - एएफसी सिस्टम्स) का 1, सीनियर मैनेजर (आईटी) के 2, सीनियर मैनेजर (डेटा एनालिटिक्स) का 1, सीनियर मैनेजर (क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर) का 1, असिस्टेंट मैनेजर (आईटी) के 2, असिस्टेंट जनरल मैनेजर या एनुअल जनरल मैनेजर (एजीएम/जेजीएम, सुरक्षा - संचालन), असिस्टेंट जनरल मैनेजर या एनुअल जनरल मैनेजर (एजीएम/जेजीएम, सुरक्षा - रखरखाव), असिस्टेंट मैनेजर (सुरक्षा - सिविल एवं ट्रैक), असिस्टेंट मैनेजर (सुरक्षा - इलेक्ट्रिकल), असिस्टेंट मैनेजर (सुरक्षा सिग्नलिंग एवं दूरसंचार), असिस्टेंट मैनेजर (सुरक्षा - रोलिंग स्टॉक) और असिस्टेंट मैनेजर (सुरक्षा संचालन) के 1-1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 10 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 9 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनएचएसआरसीएल के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास एआईसीटीई/यूजीसी से मान्यता प्राप्त किसी भी यूनिवर्सिटी/संस्थान से पद के अनुसार सिविल/इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल/कंप्यूटर साइंस/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स/ईसीई/ईईई/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक की डिग्री होनी चाहिए। वहीं, संबंधित क्षेत्र में एमई/एमटेक की डिग्री वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पोस्ट के अनुसार 4 से 17 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद अनुसार 45 से 52 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 31 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी), शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, चिकित्सीय जांच, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 50,000 से 2,60,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ, भत्ते और सुविधाएं भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो यूआर/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 400 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/महिलाओं को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
