Aapka Rajasthan

सरकारी जॉब अलर्ट: स्टेनोग्राफर के 320 पदों पर निकली भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 8 दिसंबर

नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने ग्रेड 'सी' स्टेनोग्राफर सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा, 2026 के तहत विभिन्न सेवाओं/संवर्गों/संगठनों में स्टेनोग्राफर के कुल 320 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए रिक्तियों की घोषणा की है।
 

नई दिल्ली, 24 नवंबर (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने ग्रेड 'सी' स्टेनोग्राफर सीमित विभागीय प्रतियोगी परीक्षा, 2026 के तहत विभिन्न सेवाओं/संवर्गों/संगठनों में स्टेनोग्राफर के कुल 320 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए रिक्तियों की घोषणा की है।

एसएससी की ओर से स्टेनोग्राफर पोस्ट के लिए जिन सेवाओं/संवर्गों/संगठनों में 320 रिक्तियों की घोषणा की गई है, उनमें केंद्रीय सचिवालय आशुलिपिक सेवा (डीओपीटी) में 287, रेलवे बोर्ड सचिवालय आशुलिपिक सेवा (रेल मंत्रालय) में 8, सशस्त्र बल मुख्यालय आशुलिपिक सेवा (एएफएचक्यू) में 14, भारतीय विदेश सेवा शाखा (बी) स्टेनोग्राफर (विदेश मंत्रालय) में 8, भारत निर्वाचन आयोग आशुलिपिक सेवा (ईसीआई) में 1 और केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) में 2 पद शामिल हैं।

स्टेनोग्राफर के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 17 नवंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 दिसंबर की रात 11 बजे तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यर्थियों को अपने जमा किए गए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी को सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ 'क्षेत्रीय निदेशक, कर्मचारी चयन आयोग (उत्तरी क्षेत्र), ब्लॉक संख्या 12, सी.जी.ओ. कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड, नई दिल्ली-110003' पते पर डाक या अन्य माध्यम से 22 दिसंबर की शाम 6 बजे तक या उससे पहले पहुंचानी होगी।

वहीं, विदेश में या अंडमान और निकोबार आइलैंड और लक्षद्वीप में रहने वाले कैंडिडेट्स के लिए ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म की प्रिंटेड कॉपी, जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ उनकी संबंधित सर्विस/ऑर्गनाइजेशन/कैडर कंट्रोलिंग अथॉरिटी द्वारा सही तरीके से भेजे जाने की अंतिम तिथि 29 दिसंबर की शाम 6 बजे तक तय की गई है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा, आशुलिपि कौशल परीक्षा और सेवा अभिलेखों के मूल्यांकन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी एसएससी के वेतनमान के नियमों के अनुसार होगी।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) फरवरी-मार्च 2027 (संभावित) में आयोजित होने की संभावना है। वहीं, भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए उम्मीदवारों को एसएससी की ओर से संबंधित रिक्तियों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/वीसी