सरकारी भर्ती अलर्ट : बीटीएससी में 787 पदों पर आवेदन जारी, 23 अक्टूबर तक मौका
पटना, 26 सितंबर (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी), 19 हार्डिंग रोड, पटना ने बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य पालन और पशु संसाधन विभाग में भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी एवं समकक्ष के कुल 787 पदों पर भर्ती की घोषणा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके की है।
भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी एवं समकक्ष के 787 पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर तक तय की गई है।
ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे बीटीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास वेटरनरी काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से बीवीएससी (बैचलर ऑफ वेटरनरी साइंस) या बीवीएससी एवं एएच (बैचलर ऑफ वेटरनरी साइंस एंड एनिमल हसबेंडरी) की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, उम्मीदवार का बिहार वेटरनरी काउंसिल में स्थायी रूप से रजिस्टर्ड होना जरूरी है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु पुरुष उम्मीदवारों के लिए 37 वर्ष और महिला उम्मीदवारों के लिए 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), दस्तावेज सत्यापन और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 53,100 से 1,67,800 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि आवेदन पत्र भरते समय सभी वर्ग के उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 100 रुपए तय किया गया है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
