सरकार परीक्षाएं पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध: एसपी सिंह बघेल
चंडीगढ़, 1 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने सीबीएसई परीक्षा विवाद और नीट परीक्षा लीक मामले को लेकर कहा कि परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच चल रही है और दोषियों को जेल भेजा जा रहा है।
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि परीक्षा परिणामों पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए और हम ऐसा होने भी नहीं देंगे। सरकार परीक्षा पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राहुल गांधी के बयान पर एसपी सिंह बघेल ने कहा कि चाणक्य ने कई साल पहले ही कहा था कि जब कोई राजा बहुत लोकप्रिय हो जाता है, तो उसके खिलाफ ‘मेरे दुश्मन का दुश्मन मेरा दोस्त’ के सिद्धांत पर गठबंधन बन जाते हैं।
बघेल ने कहा कि इंडिया गठबंधन भी ठीक वैसा ही है। ऐसे गठबंधन चुनाव से पहले इसलिए बनाए जाते हैं ताकि पीएम मोदी की लहर में बह जाने से बचा जा सके। जब लहर शांत हो जाती है तो वे अपने-अपने रास्ते चले जाते हैं।
उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। उन्होंने जो बीते वर्षों में किया, उसका हर्जाना उन्हें चुकाना पड़ा। फिर भी मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सख्त कार्रवाई की है और दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
'खेलो चंडीगढ़ गेम्स’ के सफल आयोजन पर बघेल ने भाजपा स्पोर्ट्स सेल और पार्टी अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि पिछले 9 दिनों में 12-13 खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों बच्चों ने भाग लिया।
बघेल ने कहा कि एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है, और स्वस्थ मन ही स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में सहायक होता है। खेल एक ऐसा क्षेत्र है जो छुआछूत की बाधाओं को तोड़ता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने ‘खेलो इंडिया’ का नारा दिया।
उन्होंने पुरानी मानसिकता का जिक्र करते हुए कहा कि हम यह सुनते हुए बड़े हुए थे कि अगर पढ़ोगे-लिखोगे तो नवाब बनोगे, अगर खेलोगे तो बर्बाद हो जाओगे, लेकिन अब खेलने वाले भी नवाब बनते हैं। जहां खेल होता है, वहां अपराध और नशा कम होता है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी
