सरकार ने इमरान खान को खत्म करने की कोशिश की है: माइकल एथरटन
नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को 1992 का विश्व कप जीताने वाले इमरान खान भ्रष्टाचार के आरोप में 2023 से जेल में बंद हैं। जेल में उनकी तबियत लगातार बिगड़ती जा रही है। कई पूर्व क्रिकेटरों ने इमरान खान को लेकर चिंता जताई है, पाकिस्तान सरकार से उनके लिए बेहद चिकित्सा सुविधा बहाल करने का अनुरोध किया है।
इमरान खान के स्वास्थ्य के प्रति चिंता जताते हुए दुनिया की अलग-अलग टीमों के 21 पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तानी अधिकारियों को पत्र लिखा है। पत्र लिखने वालों में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और मौजूदा समय के मशहूर कमेंटेटर माइकल एथरटन भी शामिल हैं।
एथरटन ने पत्र लिखने की वजह बताते हुए एक पॉडकास्ट में कहा है कि नासिर हुसैन और मैं उन 21 पुराने कप्तानों में से थे जिन्होंने दूसरा पत्र भेजा। यह इमरान खान के लिए एक इंसानी अपील थी कि उन्हें सही इलाज मिले। मुझे लगता है कि सरकार ने इमरान को लगभग खत्म करने की कोशिश की है। हालांकि, सोशल मीडिया के जमाने में यह करना मुश्किल होता जा रहा है।
21 पूर्व कप्तानों में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव, सुनील गावस्कर और दिलीप वेंगसरकर भी शामिल हैं। कपिल देव, सुनील गावस्कर तो इमरान खान के साथ लंबे समय तक खेले हैं।
कपिल ने कहा, "मैं पाकिस्तानी क्रिकेटरों को न बोलने के लिए दोष नहीं देता। उन्हें वहीं रहना है। लेकिन मैं अपने दोस्त का समर्थन करना चाहूंगा, जिसे हम पसंद करते थे और जिसके साथ खेले थे। हमें देश का कानून नहीं पता, यह ठीक है। लेकिन एक कैदी को, चाहे वह कोई भी हो, विनम्रता और आसान सुविधाएं दी जानी चाहिए। वह पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री होने के साथ, देश की क्रिकेट टीम को विश्व कप जीताने वाले कप्तान रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि उन्हें सबसे बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले। हम कुछ और नहीं मांग रहे हैं, हम कोई जवाब नहीं मांग रहे हैं, हम अनुरोध कर रहे हैं।"
एक रिपोर्ट के मुताबिक खराब स्वास्थ्य के बावजूद पाकिस्तान सरकार इमरान खान को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया नहीं करा रही है।
--आईएएनएस
पीएके
