सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण, सीएम सम्राट चौधरी बोले-बिहार में बनेंगे 100 से अधिक नए बस स्टैंड
जमुई, 16 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को जमुई जिले के झाझा प्रखंड स्थित न्यू बोड़वा बस स्टैंड के समीप लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रभक्ति तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि झाझा की धरती से उनका विशेष लगाव रहा है और यहां के लोगों का स्नेह एवं प्यार लगातार मिलता रहा है। देश के एकीकरण में सरदार वल्लभ भाई पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने अखंड भारत का सपना देखा और उसे साकार करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके विचार और आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन करते हैं।
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'विकसित भारत' और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 'समृद्ध बिहार' का सपना देखा है। इन दोनों संकल्पों को पूरा करना बिहार सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों में उद्योगों की स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए राज्य में 100 से अधिक नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को भी लगातार बेहतर कर रही है। जिला अस्पतालों को सुदृढ़ किया जा रहा है और वर्तमान में जिला अस्पतालों में 36 प्रकार के ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई चिकित्सक बिना उचित कारण मरीज को रेफर करता है, तो उसकी जवाबदेही तय की जाएगी और नियम के अनुसार कार्रवाई होगी। सरकार का उद्देश्य बिहार के लोगों को स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध बनाना है।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल की विचारधारा और उनके राष्ट्रहित के संकल्प को आगे बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है। उनके आदर्शों पर चलकर ही मजबूत और एकजुट भारत का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री निशांत एवं परिवहन मंत्री दामोदर राउत ने भी संबोधित किया।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके
