Aapka Rajasthan

सरदार हरभजन सिंह के निधन से जम्मू-कश्मीर को बड़ा नुकसान: डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी

जम्मू, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता सरदार हरभजन सिंह के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह के जाने से न केवल नेशनल कॉन्फ्रेंस, बल्कि जम्मू-कश्मीर और सिख समुदाय को भी बड़ा नुकसान हुआ है। इसके साथ ही, उन्होंने हालिया बारिश से हुए नुकसान, दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शन, युवाओं की मांगों और जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने को लेकर रामदास आठवले के बयान पर अपनी बात रखी।
 
सुरिंदर कुमार चौधरी ने कहा कि सरदार हरभजन सिंह नेशनल कॉन्फ्रेंस के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री थे। उन्होंने डॉ. फारूक अब्दुल्ला के साथ करीब से काम किया था और सिख समुदाय में उनकी अलग पहचान थी। चौधरी ने बताया कि वह 1996 और 2002 के चुनावों के दौरान भी हरभजन सिंह के साथ रहे थे। कुछ दिन पहले ही उनकी मुलाकात हुई थी। उनके निधन की खबर से मुझे गहरा दुख पहुंचा है।

हालिया बारिश से हुए नुकसान पर चौधरी ने कहा कि अक्टूबर में इतनी तेज बारिश की उम्मीद नहीं थी। बारिश के कारण कई जगह सड़कें, गलियां और पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। मकानों और लोगों के सामान को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने एक नवविवाहित महिला के पानी में बह जाने का जिक्र करते हुए कहा कि उसकी तलाश के बावजूद शव नहीं मिला है।

उन्होंने मौसम में बदलाव और ग्लोबल वार्मिंग को चिंता का विषय बताया। चौधरी के अनुसार, संबंधित विभाग नुकसान का सर्वे कर रहे हैं और सरकार की कोशिश होगी कि सड़कों, नालियों, गलियों तथा अन्य क्षतिग्रस्त ढांचों को दोबारा दुरुस्त किया जाए। उन्होंने पिछली बाढ़ से प्रभावित राजौरी-पुंछ के लोगों के पुनर्वास और मुआवजे में देरी का भी उल्लेख किया।

दिल्ली में हुए विरोध-प्रदर्शन और इंडिया ब्लॉक के समर्थन पर उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की मांगें सुनकर बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने रोजगार की कमी से परेशान युवाओं का मुद्दा उठाया और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई पर चिंता जताई। चौधरी ने कहा कि प्रदर्शनकारियों को नाम देने, हिरासत में लेने या लाठीचार्ज करने से उनकी समस्याएं हल नहीं होंगी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से भी मामले पर संज्ञान लेने की जरूरत बताई और युवाओं के साथ कथित ज्यादती करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले के जम्मू-कश्मीर को जल्द पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने की उम्मीद जताने वाले बयान पर चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री पहले भी इस संबंध में आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन अब तक बात पूरी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सरकार इस मुद्दे पर अन्य मंत्रियों के बयानों को कितना गंभीरता से लेती है, यह उन्हें नहीं पता।

--आईएएनएस

पीएसके