'सपा सरकार में चीटिंग एक उद्योग बन गई थी,' अखिलेश यादव के बयान पर भड़के दिनेश शर्मा
लखनऊ, 15 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा शिक्षा व्यवस्था और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले सपा सरकार में बोर्ड एग्जाम में नकल एक उद्योग बन गया था, जिस पर प्रधानमंत्री को खुद टिप्पणी करनी पड़ी थी।
उन्होंने अखिलेश के महिला विधेयक को 2027 में लागू करने की मांग पर कहा कि महिला का विरोध जगजाहिर है और इसका जवाब महिला मतदाता देंगी। पीएम मोदी ने सिर्फ घोषणा नहीं की, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवास, उज्जवला और अन्य योजनाओं पर काम किया।
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, "मैं कहूंगा कि मुझे लगा था कि समाजवादी पार्टी के सम्मानित नेता शिक्षा के मुद्दे पर चुप रहेंगे। मैं 19 मार्च 2017 को शिक्षा मंत्री बना था। उससे पहले सपा की सरकार थी और बोर्ड एग्जाम चल रहे थे। चीटिंग एक उद्योग बन गई थी। प्रधानमंत्री को गोंडा में एक रैली में कहना पड़ा कि उत्तर प्रदेश में चीटिंग के लिए टेंडर निकाले जा रहे हैं।"
दरअसल, सपा चीफ अखिलेश यादव ने कहा था कि भाजपा और आजादी एक-दूसरे के विलोम हैं। भाजपा का राष्ट्रवाद एकरंगी है, जबकि हमारा और आपका राष्ट्रवाद बहुरंगी है। हमें भाईचारा मजबूत करना है और संविधान की रक्षा करनी है।
इसके अलावा उन्होंने कहा, "कौन नहीं जानता है कि महिला विधेयक पास हो चुका है? हर व्यक्ति जानता है, हर राजनीतिक पार्टी जानती है। हम तो कहते हैं कि अगर आपको महिला विधेयक लागू ही करना है जो कानून बन गया है, तो 2027 के चुनाव में लागू कर दो, हम लोग तैयार हैं।"
वहीं, अखिलेश यादव ने महिला विधेयक 2027 में लागू करने की मांग की, जिस पर भाजपा सांसद ने कहा कि महिला का विरोध जगजाहिर हो चुका है। सपा और कांग्रेस ने मिलकर जिस तरह सदन में हंगामा किया है, वो जानते हैं कि इसका जवाब भाजपा नहीं, बल्कि महिला मतदाता देंगी, इसलिए भ्रम की स्थिति पैदा करने का काम हो रहा है। महिलाओं को आरक्षण मिले, इसके लिए पीएम मोदी ने सिर्फ घोषणा नहीं की, बल्कि उनके सशक्तिकरण से लेकर जितनी उनकी नीतियां बनीं, चाहें उन्हें उज्ज्वला योजना देना हो, उन्हें आवास देना हो, किसी प्रकार की अन्य सुविधाएं देनी हो, पीएम मोदी के नेतृत्व में बड़ी जवाबदेही के साथ काम हुआ है।
सपा की समस्या ये है कि पीएम मोदी की लोकप्रियता से अखिलेश यादव इतने परेशान हैं कि उन्हें हर मुद्दे पर प्रधानमंत्री का विरोध दिखाई देता है। जब आप सत्ता में थे तो आपने महिला के लिए क्या काम किया? अगर आप 500 रुपए के पेंशन की बात करते हैं तो पीएम मोदी और सीएम योगी ने केवल घोषणा नहीं की, बल्कि भाजपा की सरकार ने महिला को आत्मनिर्भर और सम्मानित नागरिक बनाने पर जोर दिया।
यूपी एसटीएफ इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मरणोपरांत कीर्ति चक्र दिए जाने की घोषणा पर भाजपा सांसद ने कहा, "यह बहुत बड़ी घोषणा है, और मेरा मानना है कि इससे हमारे बहादुर सैनिकों और पुलिस कर्मियों का हौसला बढ़ेगा। सुनील का बलिदान उत्तर प्रदेश में माफिया राज के ताबूत में कील ठोकने जैसा है। ऐसे बहादुर कर्मियों को जितना ज्यादा सम्मान दिया जाएगा, उतना ही अच्छा होगा।"
--आईएएनएस
केके/डीकेपी
