Aapka Rajasthan

सपा सांसदों का भाजपा पर तंज, बोले-'सीएम योगी पीडीए से डरे, चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी उठे सवाल'

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अवधेश प्रसाद और वीरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। अवधेश प्रसाद ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) से डरने का आरोप लगाया।
 

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अवधेश प्रसाद और वीरेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। अवधेश प्रसाद ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) से डरने का आरोप लगाया।

सपा के सांसद अवधेश प्रसाद ने पत्रकारों से चुनाव आयोग की निष्पक्षता और ईमानदारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव आयोग का निष्पक्ष होना बेहद जरूरी है।

लखनऊ में अवधेश प्रसाद ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के स्वास्थ्य को लेकर प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के इस पावन महीने में वह भगवान और मां दुर्गा से प्रार्थना करते हैं कि आडवाणी का स्वास्थ्य बेहतर हो। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होकर अस्पताल से लौटने और लंबे समय तक देश की सेवा करते रहने की कामना की।

अवधेश प्रसाद ने विरोध-प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगाने की स्थिति को लेकर कहा कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना समाजवादियों की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा अन्याय का विरोध किया है। यदि विरोध-प्रदर्शनों पर पाबंदियां लगाई जाती हैं, तो इससे नागरिकों के अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार पर असर पड़ता है। उन्होंने ऐसी स्थिति को अघोषित आपातकाल जैसा बताया।

सपा सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीडीए से चिंतित हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की बढ़ती लोकप्रियता और जनता का उन पर बढ़ता भरोसा भाजपा के लिए चिंता का विषय है। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की स्थिति और खराब हो सकती है।

चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने 100 विधानसभा क्षेत्रों में धांधली का मुद्दा उठाया है और इस संबंध में सबूत भी दिए हैं। चुनाव आयोग ने इन आरोपों पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन इंडी और समाजवादी पार्टी लगातार आवाज उठा रहे हैं लेकिन अब तक कोई ठोस बदलाव दिखाई नहीं दिया है।

वाराणसी में सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर काम कर रहे हैं और कथित वोट चोरी को रोकने के लिए सक्रिय रहेंगे। नेहा बोरा के बयान को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश करने में माहिर है।

उन्होंने कहा कि जनांदोलन सड़कों पर लड़ा जाता है और सपा जनता को जागरूक करने के लिए सड़क पर उतर रही है। यदि सत्ताधारी दल वोट चोरी का समर्थन करता है, तो उसे इसके राजनीतिक परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम