सपा के शासन में प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति जनता अच्छी तरह जानती है : वेद प्रकाश गुप्ता
अयोध्या, 26 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। अयोध्या में हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत के बाद सपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रही है। इस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने सपा पर पलटवार किया।
आईएएनएस से बातचीत में अयोध्या में हुई घटना पर दुख जताते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और इससे सभी लोग दुखी हैं।
उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार का दुख स्वाभाविक है और मामले में जो भी आवश्यक कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून का राज स्थापित है और इस मामले में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
समाजवादी पार्टी के सांसद द्वारा घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए जाने पर उन्होंने कहा कि सपा सांसद वरिष्ठ हैं, इसलिए उनके बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते।
उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति कैसी थी, यह जनता अच्छी तरह जानती है। जब उनकी सरकार प्रदेश में थी, तब कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जाती थीं, प्रदेश की जनता नहीं भूली है। मैं विधायक बनने से पहले व्यापारी के तौर पर यह सब देख चुका हूं। उस समय व्यापारी परेशान थे और समाज का हर वर्ग त्रस्त था।
वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या की घटना को लेकर वे सभी दुखी हैं और सरकार इस मामले में कार्रवाई कर रही है। प्रशासन अपना काम कर रहा है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने रक्षाबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि मैंने बुधवार को अयोध्या के सर्किट हाउस में परिवहन विभाग की ओर से आयोजित रक्षाबंधन महोत्सव में भी हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की महिलाओं को सम्मान देने के लिए शुरू की गई निशुल्क बस यात्रा की पहल की सराहना की।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं ने उन्हें राखी बांधी। बहनों के स्नेह और विश्वास का यह प्रतीक उनके लिए भावुक और यादगार अनुभव रहा। विधायक ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। यह त्योहार भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत करता है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
