Aapka Rajasthan

सपा-कांग्रेस ने पिछड़ों को सिर्फ वोट बैंक समझा, भाजपा ने सम्मान और भागीदारी दी: अमरपाल मौर्य

लखनऊ, 26 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने बुधवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर पिछड़ा वर्ग को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला।
 

लखनऊ, 26 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने बुधवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर पिछड़ा वर्ग को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद इन दलों ने पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए कोई ठोस और स्थायी काम नहीं किया, जबकि भाजपा ने पिछड़ों को सम्मान, अवसर और राजनीतिक भागीदारी देने का काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

अमरपाल मौर्य के प्रथम लखनऊ आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारियों ने चारबाग रेलवे स्टेशन पर उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और नारों के बीच बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित अभिनंदन समारोह में भी प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मौर्य ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने पिछड़े वर्ग को लंबे समय तक सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया। सत्ता में रहने के दौरान इन दलों ने पिछड़े वर्ग के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए स्थायी व्यवस्था बनाने की दिशा में अपेक्षित काम नहीं किया। इसके विपरीत भाजपा ने पिछड़े वर्ग को विकास और शासन की मुख्यधारा में सम्मानजनक भागीदारी दिलाने का प्रयास किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पिछड़े वर्गों, वंचितों, गरीबों और युवाओं के सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देना, शिक्षा और रोजगार में अवसरों का विस्तार करना तथा गरीब परिवारों को आवास, शौचालय, उज्ज्वला गैस, आयुष्मान भारत, नल से जल और जनधन जैसी योजनाओं से जोड़ना सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछड़े वर्ग के हितों को केवल चुनावी मुद्दा नहीं बनाया, बल्कि उन्हें विकास की प्रक्रिया में भागीदार बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का केंद्र समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति है और सरकार की योजनाओं का उद्देश्य बिना भेदभाव के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का उल्लेख करते हुए मौर्य ने कहा कि प्रदेश में पिछड़े वर्गों के कल्याण और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में पिछड़े, गरीब और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब सबसे बड़ी जिम्मेदारी सरकार की योजनाओं और भाजपा की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की है। पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता गांव और बूथ स्तर तक पहुंचे तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाए।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और जनसेवा के संकल्प के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटना होगा। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछड़े वर्ग के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए लगातार काम हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग आज भाजपा को अपना स्वाभाविक राजनीतिक साथी मानता है। मोर्चा प्रदेश के प्रत्येक बूथ तक संगठन को मजबूत करेगा और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

प्रदेश महामंत्री संजय राय ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। पिछड़ा वर्ग मोर्चा गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर समाज के प्रत्येक वर्ग को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अमरपाल मौर्य के मार्गदर्शन में मोर्चा को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ऊर्जा के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में जुटना होगा।

--आईएएनएस

विकेटी/एएमटी