संसद के मानसून सत्र में सकारात्मक सहयोग करें विपक्षी दल: बीएल वर्मा
नई दिल्ली, 16 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने संसद के मानसून सत्र में सभी दलों से सकारात्मक सहयोग की अपील की।
बीएल वर्मा ने गुरुवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि यह अफसोस की बात है कि जब कभी प्रधानमंत्री मोदी की ओर से देशहित में कोई कदम उठाने की कोशिश की जाती है तो विपक्षी दलों की ओर से राजनीतिक दुर्भावना से ग्रसित होकर रोड़ा अटकाया जाता है। हालांकि, देश की जनता यह सबकुछ देख रही है।
केंद्रीय मंत्री ने संसद के सत्र को देश की जनता के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि हर मुद्दे पर चर्चा हो और चर्चा सार्थक हो। कोई भी मुद्दा नहीं रहे। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष की ओर से चर्चा के दौरान रोड़ा अटकाने की कोशिश की जाती है। विपक्ष की ओर से अलग-अलग तरह के अवरोध पैदा किए जाते हैं। अगर आपको किसी भी मुद्दे को उठाना है तो विधिवत रूप से उठाने की कोशिश करें।
उधर, उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुराने प्रसंगों का जिक्र करते हुए उन्हें सकारात्मक राजनीति करने की हिदायत दी। उनके मुताबिक, राहुल गांधी अभी उत्तराखंड में स्टूडेंट्स के साथ संवाद स्थापित करने जा रहे हैं। इससे पहले वो इस तरह का संवाद विदेशों में भी कई बार कर चुके हैं, लेकिन इन सबके बावजूद मैं उन्हें अंत में यही सुझाव देना चाहूंगा कि वो सकारात्मक राजनीति करे तो उनके लिए बेहतर रहेगा।
वहीं, परिसीमन बिल के संबंध में भी केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भगवान सभी विपक्षी दलों को सदबुद्धि दें कि वे इस बिल का समर्थन करें, क्योंकि यह बिल महिलाओं के हित में लाया जा रहा है, लिहाजा इसे पारित कराने की दिशा में किसी भी प्रकार का रोड़ा अटकाना ठीक नहीं रहेगा। इसके अलावा, उन्होंने कांग्रेस को भी आत्मचिंतन करते हुए इस बिल का समर्थन करने की सलाह दी।
साथ ही, उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कहा कि एसआईटी पूरे मामले की जांच कर रही है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश में सीएम योगी की सरकार है।
वहीं, केंद्रीय मंत्री ने कांवड़ यात्रियों पर भी अपनी बात रखी। उनके मुताबिक, कांवड़ियों के रूप में आने वाले श्रद्धालुओं का मैं स्वागत करता हूं। मैं खुद बदायूं से आता हूं। वहां पर पूरे महीने श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। मैं कहूंगा कि प्रदेश में सीएम योगी की ओर से श्रद्धालुओं को हर प्रकार की सुविधाएं दी जाती हैं। श्रद्धालु गंगा जल लेकर भोले बाबा को चढ़ाते हैं।
--आईएएनएस
एसएचके/डीकेपी
